अडाणी समूह के शेयरों में आज क्यों देखने को मिल रही तेजी?
क्या है खबर?
शेयर बाजार में आज अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर करीब 3 प्रतिशत चढ़कर 2,788 रुपये के पास पहुंच गए। अडाणी पोर्ट्स में 2 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त दर्ज की गई, जबकि अडाणी टोटल गैस और अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर भी मजबूती के साथ कारोबार कर रहे हैं। बाजार खुलने के बाद निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से समूह की ज्यादातर कंपनियों के शेयर हरे निशान में बने रहे।
वजह
क्यों देखने को मिल रही तेजी?
अडाणी समूह के शेयरों में यह तेजी अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के बाद देखने को मिली है। ब्लूमबर्ग और न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिका में गौतम अडाणी से जुड़े मामलों को सुलझाने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ सकती है। खबरों में दावा किया गया कि अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट कुछ आपराधिक आरोपों को हटाने पर विचार कर सकता है। इसके अलावा, अमेरिकी SEC भी एक अलग सिविल मामले को निपटाने की दिशा में काम कर रहा है।
उम्मीद
कानूनी मामले को लेकर बढ़ी उम्मीद
रिपोर्ट्स के अनुसार, गौतम अडाणी और उनके भतीजे सागर अडाणी अमेरिकी SEC मामले में समझौते के लिए रकम देने पर सहमत हो सकते हैं। माना जा रहा है कि अगर यह मामला सुलझ जाता है, तो समूह के सामने खड़ी बड़ी कानूनी चुनौती कम हो सकती है। इसी उम्मीद में निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। मार्केट आंकड़ों के मुताबिक, अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयरों में पिछले एक महीने के दौरान करीब 26 प्रतिशत तक की बढ़त देखने को मिली है।
निवेश योजना
अमेरिका निवेश योजना भी बनी चर्चा
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अडाणी के वकीलों ने अमेरिकी अधिकारियों से कहा कि चल रहे मामलों की वजह से कंपनी के निवेश प्रभावित हो रहे हैं। अडाणी समूह पहले अमेरिका में 10 अरब डॉलर (लगभग 960 अरब रुपये) निवेश और करीब 15 हजार नौकरियां देने की योजना का ऐलान कर चुका है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कंपनी की तरफ से अदालत में यह दलील दी गई कि मामले में पर्याप्त सबूत नहीं हैं।