कौन हैं मनीष आनंदानी? 28 सितंबर से संभालेंगे कोलगेट-पामोलिव इंडिया की कमान
क्या है खबर?
कोलगेट-पामोलिव इंडिया ने नेतृत्व में बदलाव करते हुए मनीष आनंदानी को नया MD और CEO नियुक्त करने का फैसला किया है। आनंदानी 28 सितंबर, 2026 से कंपनी की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल पांच साल का होगा। बोर्ड ने उनके कार्यकाल को मंजूरी दे दी है। वह मौजूदा MD और CEO प्रभा नरसिम्हन की जगह लेंगे। आनंदानी का कंपनी के साथ पहले भी लंबा जुड़ाव रहा है, इसलिए उनकी नियुक्ति को कंपनी में वापसी के तौर पर देखा जा रहा है।
परिचय
कौन हैं मनीष आनंदानी?
आनंदानी के पास कारोबार और मार्केटिंग क्षेत्र में करीब तीन दशक का अनुभव है।
वह कोलगेट-पामोलिव, जॉनसन एंड जॉनसन और केनव्यू इंडिया जैसी कंपनियों में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं। आनंदानी ने 2005 से 2018 के बीच कोलगेट-पामोलिव के साथ भी काम किया था।
इस दौरान उन्होंने ग्लोबल कस्टमर डेवलपमेंट में वर्ल्डवाइड डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाली। उनके अनुभव में कारोबार बढ़ाना, डिजिटल बदलाव, रणनीति बनाना और नए बाजारों में विस्तार करना शामिल है।
करियर
आनंदानी की पढ़ाई और खास अनुभव
आनंदानी के पास इलेक्ट्रॉनिक्स और मार्केटिंग की डिग्री है। उन्होंने अमेरिका के टक स्कूल ऑफ बिजनेस से लीडरशिप में एग्जीक्यूटिव MBA भी किया है।
उनके करियर में पेप्सी, जॉनसन एंड जॉनसन और कोलगेट-पामोलिव जैसी बड़ी कंपनियों के साथ काम करने का अनुभव शामिल है। वह कंपनी अधिग्रहण, कारोबार विस्तार और नए बिजनेस मॉडल तैयार करने से जुड़े काम भी कर चुके हैं।
कंपनी ने बताया है कि आनंदानी को किसी नियामकीय संस्था ने पद संभालने से प्रतिबंधित नहीं किया है।
प्रभा
प्रभा नरसिम्हन संभालेंगी नई जिम्मेदारी
नरसिम्हन 1 सितंबर, 2022 से कोलगेट-पामोलिव इंडिया की MD और CEO हैं।
अब 27 सितंबर को कारोबारी समय खत्म होने के बाद उनका कार्यकाल समाप्त होगा। इसके बाद उन्हें कंपनी के एशिया-पैसिफिक डिवीजन में मार्केटिंग की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट की वैश्विक जिम्मेदारी मिलेगी।
इससे पहले वह हिंदुस्तान यूनिलीवर में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर रह चुकी हैं। नरसिम्हन को कस्टमर डेवलपमेंट, मार्केटिंग और इनोवेशन में करीब 25 साल का अनुभव है।