LOADING...
कौन हैं ऐपल के भावी CEO जॉन टर्नस, जो टिम कुक का स्थान संभालेंगे?
जॉन टर्नस 1 सितंबर को ऐपल के CEO का पद संभालेंगे

कौन हैं ऐपल के भावी CEO जॉन टर्नस, जो टिम कुक का स्थान संभालेंगे?

Apr 21, 2026
09:56 am

क्या है खबर?

ऐपल में टिम कुक के स्थान पर 1 सितंबर से जॉन टर्नस नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का पद संभालेंगे। निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से इस बदलाव को मंजूरी दी है। टर्नस की नियुक्ति ऐसे समय की जा रही है जब कंपनी सिरी और आईफोन जैसे उत्पादों में बढ़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है। आइये जानते हैं कौन हैं जॉन टर्नस, जिन्हें टिम के स्थान पर CEO बनाया जाएगा।

शुरुआत 

ऐसे हुई थी ऐपल में टर्नस की शुरुआत 

51 वर्षीय टर्नस ने अपने जीवन का आधा हिस्सा ऐपल में बिताया है। 25 वर्षों से कंपनी से जुड़े हुए आगामी CEO ने 2001 में ऐपल में उत्पाद डिजाइन टीम से शुरुआत की और धीरे-धीरे पदोन्नति पाते हुए 2013 में हार्डवेयर इंजीनियरिंग के उपाध्यक्ष और 2021 में वरिष्ठ उपाध्यक्ष बने। पेन्सिलवेनिया विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त करने के बाद उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्चुअल रिसर्च सिस्टम्स से की, जहां उन्होंने एडवांस वर्चुअल रियलिटी तकनीकों पर काम किया।

उपलब्धि 

कंपनी में किन-किन क्षेत्रों में दिया योगदान?

ऐपल में अपने अभी तक के कार्यकाल के दौरान टर्नस ने विभिन्न श्रेणियों में कई उत्पादों के हार्डवेयर इंजीनियरिंग कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने आईपैड और एयरपॉड्स सहित कई नई उत्पाद सीरीजों के साथ-साथ आईफोन, मैक और ऐपल वॉच की कई जनरेशन को लॉन्च करने में अहम योगदान दिया। मैक पर उनके काम ने इस श्रेणी को पहले से कहीं अधिक शक्तिशाली और वैश्विक स्तर पर लोकप्रिय बना दिया है।

Advertisement

पहचान 

इन उत्पादों को दिलाई पहचान

टर्नस के नेतृत्व में ऐपल की हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम ने हाल ही में आईफोन की एक नई सीरीज लॉन्च की। इसमें शक्तिशाली आईफोन 17 प्रो और प्रो मैक्स, बेहद पतला और टिकाऊ आईफोन एयर और एडवांस आईफोन 17 शामिल हैं। नया 599 डॉलर (करीब 55,500 रुपये) का किफायती मैकबुक नियो भी उनके मार्गदर्शन में ही पेश किया गया। ये उत्पाद दुनियाभर के लोगों के लिए मैक अनुभव को अधिक सुलभ बनाने के टर्नस के दृष्टिकोण का प्रमाण हैं।

Advertisement

चुनौती 

क्या है टर्नस के सामने चुनाैतियां?

टर्नस की नियुक्ति ऐपल के लिए एक महत्वपूर्ण समय पर हुई है। आईफोन और एयरपॉड्स की सफलता के बावजूद, कंपनी को मिक्स्ड रियलिटी, जनरेटिव आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (GAI), स्मार्ट होम टेक्नोलॉजी और ऑटोनॉमस वाहनों के क्षेत्र में संघर्ष करना पड़ा है। मेटा, अमेजन, अल्फाबेट और माइक्रोसॉफ्ट की तुलना में उसने AI के क्षेत्र में कम खर्च किया है। इसका AI-संचालित सिरी 2025 में लॉन्च होने वाला था, लेकिन अब इसी साल या उसके बाद तक के लिए टाल दिया गया है।

Advertisement