Loading...
माइक्रोसॉफ्ट में नौकरी छोड़ने पर कर्मचारियों को क्या मिलेगा, ऑफर ठुकराया तो क्या होगा?
इसमें वेतन के साथ शेयर और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं

माइक्रोसॉफ्ट में नौकरी छोड़ने पर कर्मचारियों को क्या मिलेगा, ऑफर ठुकराया तो क्या होगा?

Oct 27, 2026
01:51 pm

क्या है खबर?

माइक्रोसॉफ्ट करीब 60,000 कर्मचारियों को स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने के बदले आर्थिक पैकेज देने जा रही है। इसमें वेतन के साथ शेयर और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं शामिल हैं। हालांकि, इस प्रस्ताव को ठुकराने वाले कर्मचारियों के सामने भविष्य की नौकरी को लेकर सवाल है। अगर कंपनी आगे कर्मचारियों की संख्या घटाती है, तो क्या उनकी नौकरी सुरक्षित रहेगी? फिलहाल, कंपनी ने इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है।

लाभ

कर्मचारियों को क्या मिलेगा?

बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों को मिलने वाला पैकेज उनके पद, अनुभव और नौकरी की अवधि पर निर्भर करेगा।

64 या उससे नीचे के स्तर वाले कर्मचारियों को हर 6 महीने की सेवा के बदले एक सप्ताह का मूल वेतन मिलेगा। वहीं, 65 से 67 स्तर वाले कर्मचारियों को 2 सप्ताह का वेतन दिया जाएगा।

कुछ वरिष्ठ कर्मचारियों को 12 महीने के वेतन के बराबर पैकेज भी मिल सकता है।

असर

ऑफर ठुकराने वालों की नौकरी पर क्या होगा असर?

माइक्रोसॉफ्ट ने यह नहीं कहा है कि प्रस्ताव ठुकराने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया जाएगा।

रिपोर्ट में भी ऐसा कोई दावा नहीं किया गया है कि ऑफर मना करने के कारण कर्मचारियों की छंटनी होगी। हालांकि, कंपनी ने भविष्य में छंटनी नहीं करने की गारंटी भी नहीं दी है।

अगर कारोबार की जरूरतों के अनुसार कर्मचारियों की संख्या घटाने का फैसला होता है, तो इन कर्मचारियों की नौकरी पर भी असर पड़ सकता है।

ADVERTISEMENT

समय

दिसंबर तक लेना होगा फैसला

कर्मचारियों के पास प्रस्ताव स्वीकार करने या ठुकराने के लिए दिसंबर की शुरुआत तक का समय है।

इसे स्वीकार करने वालों से साल के आखिर तक नौकरी छोड़ने की उम्मीद है। माइक्रोसॉफ्ट ने फिलहाल किसी दूसरे स्वैच्छिक निकास कार्यक्रम की योजना से इनकार किया है।

इससे पहले अप्रैल, 2026 में कंपनी ने अमेरिका में करीब 8,750 कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना शुरू की थी। उस योजना में तय उम्र और सेवा अवधि की शर्तें थीं।

ADVERTISEMENT

देश

भारत समेत 4 देशों के कर्मचारियों को मिलेगा मौका

माइक्रोसॉफ्ट का यह कार्यक्रम अमेरिका, कनाडा, भारत और ब्रिटेन की चुनिंदा टीमों के कर्मचारियों के लिए है।

इसमें वरिष्ठ पदों पर काम करने वाले कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं। इससे पहले कंपनी ने दुनिया भर में पुनर्गठन के दौरान करीब 4,800 पद खत्म किए थे। बड़ी तकनीकी कंपनियां खर्च घटाने के लिए ऐसे कार्यक्रम अपना रही हैं।

हालांकि, माइक्रोसॉफ्ट के मौजूदा प्रस्ताव को ठुकराने वाले कर्मचारियों की नौकरी पर भविष्य में क्या असर होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

ADVERTISEMENT