EPFO 3.0 में PF निकालने का क्या होगा नियम?
क्या है खबर?
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) अपने करोड़ों खाताधारकों के लिए नया डिजिटल सिस्टम EPFO 3.0 ला रहा है। इसके आने के बाद PF का पैसा निकालना पहले से आसान हो जाएगा। सदस्य UPI के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में रकम मंगा सकेंगे, जिससे कागजी प्रक्रिया कम होगी और इंतजार भी घटेगा। EPFO के 7 करोड़ से ज्यादा सदस्य इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
बदलाव
EPFO 3.0 में क्या बदलेगा?
EPFO 3.0 के तहत सदस्य अपने अकाउंट का उपलब्ध बैलेंस मोबाइल पर देख सकेंगे। इसके बाद UPI की मदद से रकम सीधे बैंक अकाउंट में भेजी जा सकेगी। नया सिस्टम UPI वाले ATM से भी पैसा निकालने की सुविधा देगा। इससे पहले जैसी लंबी प्रक्रिया की जरूरत नहीं पड़ेगी। पैसा सुरक्षित तरीके से सीधे अकाउंट में पहुंचेगा। इसके बाद सदस्य जरूरत के हिसाब से खर्च या बैंक से नकद निकाल सकेंगे।
नियम
पैसा निकालने का नियम क्या रहेगा?
EPFO के नए नियम के तहत सदस्य अपने कुल PF फंड का करीब 50 से 75 प्रतिशत तक निकाल सकेंगे। इसके साथ ही अकाउंट में कम से कम 25 प्रतिशत रकम रखना जरूरी होगा। एक और बड़ा बदलाव यह है कि ऑटो-सेटलमेंट की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है। इससे इलाज, पढ़ाई, शादी या घर जैसी जरूरी जरूरतों के लिए जल्दी पैसा मिल सकेगा और परेशानी कम होगी।
लॉन्च
लॉन्च की तैयारी पूरी
केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया है कि इस सुविधा की जांच पूरी हो चुकी है। सरकार अब इसे जल्द शुरू करने की तैयारी में है। हालांकि अभी लॉन्च की पक्की तारीख सामने नहीं आई है। EPFO का कहना है कि पैसा सीधे सदस्य के बैंक अकाउंट में भेजा जाएगा। माना जा रहा है कि यह नई सुविधा शुरू होने के बाद PF से जुड़ा काम पहले के मुकाबले काफी तेज और आसान हो जाएगा।