LOADING...
ऑटो एक्सपो 2020 की शुरुआत, इन गाड़ियों से हटेगा पर्दा

ऑटो एक्सपो 2020 की शुरुआत, इन गाड़ियों से हटेगा पर्दा

Feb 05, 2020
06:16 pm

क्या है खबर?

ग्रेटर नोएडा में भारत के सबसे बड़े मोटर शो ऑटो एक्सपो 2020 की शुरुआत हो गई है। इस दौरान सभी कंपनियां अपने अपकमिंग मॉडल पेश करेंगी। साथ ही एक्सपो में उन इलेक्ट्रिक वाहनों की भी झलक दिखेगी, जो आपको भविष्य में सड़कों पर दौड़ते नजर आएंगे। ऑटो प्रेमियों के साथ-साथ आम लोग भी इसे लेकर उत्सुक रहते हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि अगले कुछ दिनों में ग्रेटर नोएडा में किन नई गाड़ियों से पर्दा उठेगा।

मारुति सुजुकी

मारुति सुजुकी पेश करेगी इलेक्ट्रिक SUV

भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ऑटो एक्सपो में फ्यूचूरो-ई इलेक्ट्रिक SUV का कॉन्सेप्ट पेश करेगी। कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों को क्या लेकर क्या रणनीति अपनाती है, वह इसके साथ साफ हो जाएगी। इसके अलावा कंपनी स्विफ्ट हाइब्रिड की भी पेश कर सकती है। यह इसके डीजल वेरिएंट का रिप्लेसमेंट होगा। साथ ही कंपनी विटारा ब्रेजा और इग्निस का नया वेरिएंट और मारुति जिम्नी और एस-क्रॉस का पेट्रोल वेरिएंट लॉन्च कर सकती है।

जानकारी

हुडंई पेश कर सकती है नई क्रेटा

हुंडई वर्ना और टक्सन के फेसलिफ्ट वेरिएंट समेत अपने नए मॉडल पेश करेगी। माना जा रहा है कि कंपनी BS6 इंजन और नए फीचर्स के साथ सेकंड जनरेशन क्रेटा पेश कर सकती है। इसके अलावा ग्रांड i10 नियोस के टर्बो वेरिएंट लॉन्च कर सकती है।

टाटा मोटर्स

टाटा मोटर्स लाएगी ग्रेविटास, हैरियर 2020 और अल्ट्रोज EV

टाटा अल्ट्रोज इलेक्ट्रिक कार के साथ अपनी इलेक्ट्रिक वाहनों की सीरीज को आगे बढ़ाना चाहेगी। कंपनी अपनी फ्लैगशिप SUV ग्रेविटास और नई हैरियर 2020 भी पेश कर सकती है। यह हैरियर का सेवन-सीटर वेरिएंट है। SUV ग्रेविटास हैरियर का 7-सीटर वैरिएंट हैं। वहीं नई हैरियर 2020 में BS6 इंजन के साथ पैनोरेमिक सनरूफ और बड़े व्हील दिए जा सकते हैं। ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी अपनी Tata H2X मिनी SUV की झलक भी दिखा सकती है।

महिंद्रा

महिंद्रा पेश करेगी नए इलेक्ट्रिक वाहन

महिंद्रा इस ऑटो एक्सपो में फनस्टर कॉन्सेप्ट कार की झलक दिखाएगी। इससे प्रेरित होकर इलेक्ट्रिक XUV500 का डिजाइन तैयार किया जाएगा। कंपनी एक्सपो में कुल 18 नए वाहन पेश करेगी, जिसमें इलेक्ट्रिक XUV300 का प्री-प्रोडक्शन मॉडल, eKUV100 और एटम क्वाड्रिसाइकिल शामिल हैं। इलेक्ट्रिक XUV300 टाटा की नेक्सन का मुकालबला करेगी। eKUV100 एक बार चार्ज करने पर लगभग 150 किमी का सफर तय कर सकती है। यह 40kW का पावर और 120 Nm का टॉर्क जेनरेट करती है।

किया और MG

किया और MG पेश करेगी फैंसी कारें

MG मोटर्स एक्सपो में हेक्टर का 6-सीटर वेरिएंट और MG ग्लोस्टर पेश करेगी। यह भारत में कंपनी की तीसरी कनेक्टेड SUV होगी। दूसरी तरफ किया मोटर्स अपनी कार्निवल मिनिवैन और QYI के प्री-प्रोडक्शन मॉडल को लॉन्च कर सबका ध्यान अपनी तरफ आकर्षित करेगी। कार्निवल की शुरुआती कीमत 24.95 लाख रुपये है। वहीं, इसके टॉप वेरियंट की एक्स-शोरूम कीमत 33.95 लाख रुपये है। QYI एक 4m सब SUV है। साथ ही कंपनी ऑफ रोडर और कुछ इलेक्ट्रिक वाहन भी लॉन्च करेगी।

जानकारी

7 फरवरी से आम लोगों के लिए खुलेगा ऑटो एक्सपो

ऑटो एक्सपो का आयोजन ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में किया जा रहा है। आम लोगों के यह 7 फरवरी से 12 फरवरी तक खुले रहेगा। यहां जाकर आप नई-नई कारों और दूसरे वाहनों के बारे में जानकारी ले सकते हैं।