ऐपल के नए CEO जॉन टर्नस को कितना मिलेगा वेतन? जानें पूरा पैकेज
क्या है खबर?
टिम कुक के बाद टेक दिग्गज कंपनी ऐपल के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जॉन टर्नस ने पद संभाल लिया है। कंपनी ने टर्नस और कुक के नए पदों के हिसाब से उनकी कमाई की जानकारी जारी की है। टर्नस अब CEO के तौर पर ऐपल की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि कुक एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में काम करेंगे। दोनों को सैलरी के अलावा कंपनी के शेयर भी मिलेंगे, जिनकी कुल कीमत उनके पद और प्रदर्शन से जुड़ी होगी।
जॉन टर्नस
जॉन टर्नस को मिलेंगे 557 करोड़ रुपये
टर्नस को वित्तीय वर्ष 2027 के लिए कुल 5.8 करोड़ डॉलर (लगभग 560 करोड़ रुपये) मिलने का लक्ष्य रखा गया है।
इसमें 30 लाख डॉलर (लगभग 30 करोड़ रुपये) की सालाना सैलरी और 5.5 करोड़ डॉलर (लगभग 530 करोड़ रुपये) के शेयर शामिल हैं। इसके अलावा, उन्हें वित्तीय वर्ष 2026 के लिए करीब 25 लाख डॉलर (लगभग 25 करोड़ रुपये) के शेयर भी मिलेंगे।
उनके शेयरों का बड़ा हिस्सा ऐपल के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।
टिम कुक
टिम कुक को मिलेंगे 451 करोड़ रुपये
एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर कुक को वित्तीय वर्ष 2027 में करीब 4.7 करोड़ डॉलर (लगभग 451 करोड़ रुपये) मिलने का लक्ष्य है।
इसमें 20 लाख डॉलर (लगभग 19 करोड़ रुपये) की सालाना सैलरी और 4.5 करोड़ डॉलर (लगभग 432 करोड़ रुपये) के शेयर शामिल हैं।
कुक को मिलने वाले शेयरों में आधा हिस्सा ऐपल के प्रदर्शन पर निर्भर रहेगा, जबकि बाकी शेयर चार साल में धीरे-धीरे मिलेंगे। रिटायरमेंट के बाद भी कुछ शर्तों के तहत शेयर मिलेंगे।
अन्य
CEO रहते कुक को मिले थे 710 करोड़
कुक ने 2011 में स्टीव जॉब्स की जगह ऐपल के CEO का पद संभाला था। 2025 में CEO रहते उन्हें 7.43 करोड़ डॉलर (लगभग 710 करोड़ रुपये) का पे पैकेज मिला था।
इसमें 30 लाख डॉलर (लगभग 30 करोड़ रुपये) की सैलरी, 1.2 करोड़ डॉलर (लगभग 115 करोड़ रुपये) का प्रदर्शन आधारित कैश अवॉर्ड और 5.75 करोड़ डॉलर (लगभग 550 करोड़ रुपये) के शेयर शामिल थे।
उनके कार्यकाल में ऐपल की वैल्यूएशन 4.5 लाख करोड़ डॉलर से ज्यादा हो गई।