LOADING...
क्या है NPS वात्सल्य योजना? जानिए कौन और कैसे कर सकता है निवेश
बच्चों के लिए NPS वात्सल्य योजना में बेहतर रिटर्न मिलता है

क्या है NPS वात्सल्य योजना? जानिए कौन और कैसे कर सकता है निवेश

Feb 18, 2026
10:39 pm

क्या है खबर?

कई लोग बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए छोटी रकम से बड़ा फंड बनाना चाहते हैं तो उनके लिए सरकार की 'NPS वात्सल्य' स्कीम बेहतर विकल्प हो सकती है। इसमें लंबे समय तक निवेश करने पर कंपाउंडिंग का फायदा मिलता है। अगर, आप बच्चे के नाम पर हर साल 10,000 रुपये जमा करते हैं तो उसकी 60 साल की उम्र तक 11 करोड़ रुपये तक का फंड तैयार हो सकता है। आइये जानते हैं इस योजना में कैसे निवेश करें।

स्कीम 

क्या है NPS वात्सल्य स्कीम?

यह सरकारी नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) की नई स्कीम है, जिसे सितंबर, 2024 में लॉन्च किया गया था। स्कीम में माता-पिता अपने 18 साल से कम उम्र के बच्चे के नाम पर निवेश कर सकते हैं। इसमें सालाना कम से कम 250 रुपये जमा करना जरूरी है, अधिकतम की कोई सीमा नहीं है। बच्चे की उम्र 18 साल होते ही यह खाता नियमित NPS पेंशन अकाउंट में बदल जाएगा। अभिभावक अपने हिसाब से निवेश के विकल्प चुन सकते हैं।

विकल्प 

निवेश के लिए मिलते हैं 3 विकल्प

इस स्कीम में 3 निवेश विकल्प मिलते हैं और माता-पिता तय कर सकते हैं कि कितना पैसा इक्विटी, डेट या सरकारी बॉन्ड में लगे। एग्रेसिव विकल्प में 75 फीसदी इक्विटी में निवेश किया जाता है। इसमें जोखिम और रिटर्न दोनों ज्यादा होते हैं। मॉडरेट में 50 फीसदी निवेश किया जाता है, जिसमें जोखिम और रिटर्न मध्यम होते हैं। कंजर्वेटिव विकल्प में 25 फीसदी इक्विटी में निवेश किया जाता है और जोखिम और रिटर्न कम होते हैं।

Advertisement

निकासी 

कब निकाल सकते हैं पैसा?

खाता खुलने से 3 साल बाद शिक्षा, इलाज या नोटिफाइड डिसेबिलिटीज के लिए निवेश राशि का 25 फीसदी तक निकाल सकते हैं। 18 साल से पहले 2 बार, 18-21 साल के बीच 2 बार पैसा निकालने की अनुमति है। अगर, फंड 2.5 लाख रुपये से ज्यादा है तो 20 फीसदी एकमुश्त निकाल सकते हैं। फंड 2.5 लाख रुपये या कम है तो पूरा पैसा एकमुश्त निकाल सकते हैं। बच्चे को कुछ होने पर पूरा पैसा अभिभावक को मिलेगा।

Advertisement

प्रक्रिया 

इस तरह से खुलवा सकते हैं खाता

बैंक में जाकर NPS वात्सल्य अकाउंट खुलवाया जा सकता है। घर बैठे https://nps.kfintech.com/ या अन्य eNPS प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन अकाउंट खोला जा सकता है। इस स्कीम में कोई भी भारतीय, जिसके बच्चे की उम्र 18 साल से कम हो, वह निवेश कर सकता है। इसके लिए बच्चे के पास पैन और आधार कार्ड होना जरूरी है। सालाना 250 रुपये का न्यूनतम निवेश करना होगा। इसमें सालाना 9.5-12.86 फीसदी का ब्याज मिलता है।

Advertisement