
रिलायंस इंडस्ट्रीज के भविष्य को लेकर क्या है मुकेश अंबानी की सोच?
क्या है खबर?
रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी ने हाल ही में मैकिन्से के साथ एक साक्षात्कार में कंपनी को लेकर अपनी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि उनके लिए बिजनेस का उद्देश्य सिर्फ पैसा कमाना नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाना है। उन्होंने अपने पिता धीरूभाई अंबानी के विचार को दोहराते हुए कहा, "अगर आप अरबपति बनने के लिए बिजनेस शुरू करते हैं, तो आप मूर्ख हैं।"
भरोसा
सही लक्ष्य और लोगों की ताकत में भरोसा
अंबानी ने बताया कि रिलायंस का मकसद है भारत को समृद्ध बनाना और लोगों को बेहतर जीवन जीने में मदद करना। उन्होंने कहा, "हम यह तय करते हैं कि हमें कहां पहुंचना है, फिर उसके लिए सही लोगों को जोड़ते हैं।" उन्होंने 3 बातों (चरित्र, क्षमता और संस्कृति) पर जोर दिया। उनका मानना है कि प्रेरित लोग ही किसी संस्था को आगे ले जा सकते हैं और उनका दिल जीतना सबसे जरूरी है।
योजना
लंबे समय तक कायम रहे रिलायंस
अंबानी चाहते हैं कि रिलायंस सिर्फ उनके रहते ही नहीं, बल्कि उनके बाद भी देश और मानवता की सेवा करता रहे। उन्होंने कहा, "आप जो पीछे छोड़ते हैं, वह एक संस्था है।" उन्होंने 2027 में रिलायंस की 50वीं वर्षगांठ का जिक्र किया और कहा कि वे चाहते हैं कंपनी 100 साल तक भी ऐसे ही देश के लिए काम करती रहे। यह उनके पिता के विचारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दिखाता है।
लक्ष्य
साधारण से असाधारण बनाना है लक्ष्य
उन्होंने कहा कि साधारण लोगों को सही दिशा, प्रोत्साहन और समर्थन देकर असाधारण बनाया जा सकता है। अंबानी ने बताया कि रिलायंस में नए कर्मचारियों को कंपनी की सोच और माहौल से जोड़ने के लिए पूरा ध्यान दिया जाता है। उनका मानना है कि अगर किसी संस्था को अपने लक्ष्य और मकसद की साफ समझ हो और उसमें लचीलापन भी हो, तो वह अपनी सारी सीमाएं पार कर सकती है और बड़ी कामयाबी हासिल कर सकती है।