क्या होता है होम लोन ओवरड्राफ्ट? जानिए इससे कैसे बचाएं ब्याज
क्या है खबर?
अधिकांश लोग होम लोन लेने के बाद उसे जल्द से जल्द चुकाना चाहते हैं, ताकि उन्हें ब्याज कम देना पड़े। इसके लिए कई तरीके अपनाए जा सकते हैं। होम लोन ओवरड्राफ्ट (OD) सुविधा भी एक ऐसा तरीका है, जो आपको कर्जे का बोझ कम करने में मदद कर सकता है। कई बार आपके खाते में अधिक पैसा होता है और आप इसी को लोन अकाउंट में डालकर ब्याज घटा सकते हैं। आइये जानते हैं यह सुविधा कैसे काम करती है।
OD
कैसे काम करता है होम लोन ओवरड्राफ्ट?
होम लोन ओवरड्राफ्ट में आपका लोन खाता, बचत या चालू खाते से जुड़ा होता है। EMI के अलावा, जो भी अतिरिक्त पैसा आप इस अकाउंट में रखते हैं, उसे बैंक प्री-पेमेंट की तरह मानता है। इससे आपके लोन का बकाया रकम घटती है और रोजाना के हिसाब से ब्याज कम लगता है। खास बात यह है कि यह पैसा लॉक नहीं होता है। बचत भी आपके कंट्रोल में रहती हैं और होम लोन का बोझ धीरे-धीरे हल्का होने लगता है।
फायदा
क्या है इस सुविधा में मिलने वाले फायदे?
इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि जरूरत पड़ने पर आप रखा हुआ पैसा कभी भी निकाल सकते हैं। जैसे ही आप पैसा निकालते हैं, वह रकम दोबारा लोन में जुड़ जाती है और उसी हिसाब से ब्याज की गणना होने लगता है, यानि पैसा भी आपके पास रहता है और ब्याज बचत भी होती है। यह सुविधा उन लोगों के लिए ज्यादा फायदेमंद है, जिनकी आय नियमित नहीं होती या जिनके पास अक्सर अतिरिक्त नकद रहता है।