आप क्रेडिट कार्ड की सीमा से अधिक खर्च करते हैं तो क्या होगा?
क्या है खबर?
वर्तमान में बड़ी खरीदारी और बिलों के भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड बेहतर विकल्प बन चुका है, लेकिन ये कुछ प्रतिबंधों के साथ आते हैं। कार्ड अलग-अलग क्रेडिट लिमिट के साथ आते हैं। जब आपके खर्चे इस सीमा तक पहुंच जाते हैं तो लेनदेन संबंधित दिक्कत होने लगती है। आपके होटल का बिल, टिकट बुकिंग या ऑनलाइन खरीदारी का भुगतान अचानक विफल हो सकता है। आइये जानते हैं क्रेडिट सीमा पार करने पर क्या होता है।
प्रतिबंध
अधिक भुगतान पर लग सकता है प्रतिबंध
क्रेडिट कार्ड की सीमा वह अधिकतम राशि है, जो बैंक आपको उस कार्ड से उधार लेने की अनुमति देता है। जब आपका बकाया उस सीमा के करीब पहुंचता है, तो बैंक सिस्टम उस कार्ड से और अधिक खर्च करने से रोक देता है। अगर, आपके कार्ड की लिमिट 1 लाख रुपये है और 97,000 रुपये खर्च कर चुके हैं तो आगे 5,000 रुपये के भुगतान को मंजूरी नहीं मिलेगी, क्योंकि इसको मंजूरी मिलने से खर्चा सीमा से पार चला जाएगा।
छूट
इन मामलों में हो सकता है भुगतान
कुछ मामलों में लिमिट पार होने के बाद भी लेनदेन पूरा हो सकता है, भले ही आप सीमा से थोड़ा अधिक खर्च कर दें। छोटी रकम या सब्सक्रिप्शन प्लान, बीमा प्रीमियम या बिजली बिल के पहले से निर्धारित ऑटोपे के मामले में हो सकता है। ऐसी स्थिति में, आपकी बकाया राशि अस्थायी रूप से क्रेडिट सीमा से अधिक हो सकती है। कई क्रेडिट कार्ड लिमिट से ज्यादा खर्च करने पर शुल्क लेते हैं। यह आपके स्टेटमेंट में जुड़ जाता है।
ब्याज
बकाया राशि पर लगता है ब्याज
एक बार जब आप लिमिट पार कर लेते हैं तो आपके कार्ड की उपयोग योग्य क्रेडिट राशि प्रभावी रूप से समाप्त हो जाती है। आपकी सीमा 1 लाख रुपये है और आपकी बकाया राशि 1.04 लाख रुपये हो जाती है तो आपकी उपलब्ध क्रेडिट राशि माइनस 4,000 रुपये हो जाती है। जब तक आप इतनी राशि का भुगतान नहीं कर देते, नए लेनदेन विफल हो सकते हैं। बकाया राशि का भुगतान नहीं होने पर शेष राशि पर ब्याज लगता है।
क्रेडिट स्कोर
गिर सकता है क्रेडिट स्कोर
बार-बार लिमिट से ज्यादा खर्च करना आपकी क्रेडिट प्रोफाइल पर असर डालता है। इससे आपका क्रेडिट स्कोर कम हो सकता है और लोन लेने में दिक्कत हो सकती है। क्रेडिट ब्यूरो क्रेडिट यूटिलाइजेशन नामक एक चीज पर नजर रखते हैं, जो आपके उपलब्ध क्रेडिट का वह प्रतिशत है, जिसका आप उपयोग कर रहे हैं। आप लगातार लिमिट तक या उससे ज्यादा खर्च करते हैं तो ऋणदाता मान सकते हैं कि आप उधार लिए गए पैसों पर बहुत ज्यादा निर्भर हैं।