वेल्थ कंपनी ने पेश किया मल्टी कैप फंड, 1,000 रुपये से शुरू कर सकेंगे निवेश
पेंटोमैथ ग्रुप का हिस्सा वेल्थ कंपनी म्यूचुअल फंड ने एक नई इक्विटी स्कीम द वेल्थ कंपनी मल्टी कैप फंड शुरू की है। इस स्कीम में लार्ज-कैप, मिड-कैप और स्मॉल-कैप स्टॉक्स में पैसा लगाया जाएगा, जिसमें हर श्रेणी में कम से कम 25 फीसदी निवेश करना जरूरी होगा।
यह नया फंड ऑफर 27 अगस्त से 10 सितंबर तक खुला रहेगा। इसके बाद आप 21 सितंबर से इसमें अपना नियमित निवेश शुरू कर सकते हैं।
चिन्मय साठे संभालेंगे मल्टी कैप फंड
इस फंड को चिन्मय साठे सक्रिय रूप से मैनेज करेंगे। वे केवल बड़े नामों वाली कंपनियों के बजाय ऐसी कंपनियों को देखेंगे, जिनकी नेतृत्व मजबूत हो और जिनमें बढ़ने की अच्छी क्षमता हो।
आप इसमें केवल 1,000 रुपये से शुरुआत कर सकते हैं। अगर, आप मासिक सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) करना चाहते हैं तो उसकी न्यूनतम राशि 250 रुपये होगी।
यह उन लोगों के लिए काफी आसान होगा, जो पहली बार निवेश कर रहे हैं। कंपनी की संस्थापक, प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मधु लूनावत ने बताया कि उनका ध्यान केवल बाजार पूंजीकरण पर नहीं होगा, बल्कि वे ऐसी कंपनियों की पहचान करेंगे, जिनका मैनेजमेंट बढ़िया हो, जो मुकाबले में मजबूत हों और जिनमें आगे बढ़ने की गुंजाइश हो।