वॉटरवेज लेजर टूरिज्म ने पेश किया 585 करोड़ रुपये का IPO
कॉर्डेलिया क्रूजेज चलाने वाली कंपनी वॉटरवेज लेजर टूरिज्म का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) मंगलवार (23 जून) को खुल गया है। कंपनी ने एक शेयर का दाम 769 से 808 रुपये के बीच रखा है।
निवेशक 25 जून तक इसमें पैसे लगा सकते हैं और कम से कम 18 शेयरों के लिए आवेदन करना होगा।
कंपनी इस IPO से 585 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। ये सारे पैसे नए शेयर जारी करके जुटाए जाएंगे, यानि मौजूदा मालिक अपनी हिस्सेदारी नहीं बेच रहे हैं।
बड़े निवेशकों को मिलेंगे ज्यादा शेयर
IPO में ज्यादातर शेयर (75 फीसदी) बड़े संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित रखे गए हैं, जबकि खुदरा निवेशकों के लिए 10 फीसदी हिस्सा है।
शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद कंपनी का मूल्यांकन लगभग 5,850 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। नोवा ग्लोबल और कुलिनन जैसे बड़े फंडों ने एंकर निवेशक के रूप में पहले ही इसमें निवेश कर दिया है।
SBI सिक्योरिटीज का कहना है कि वॉटरवेज भारतीय क्रूज सेक्टर में अग्रणी कंपनी है और यह सेक्टर सालाना 20 से 25 फीसदी की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़ने की उम्मीद है।
यह शेयर लंबे समय के लिए एक अच्छा दावं साबित हो सकता है, वहीं, स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट ने इसे 'न्यूट्रल' रेटिंग दी है। उनका कहना है कि कंपनी का मूल्यांकन भले ही थोड़ा ज्यादा लग रहा है, लेकिन बाजार में इसकी अच्छी मांग है और कंपनी भविष्य में और जहाज लाने की योजना बना रही है।