वॉलमार्ट ने किया साफ- AI से कर्मचारियों की नौकरियों पर नहीं आएगी आंच
वॉलमार्ट अपने कर्मचारियों के काम को आसान बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स पेश कर रहा है। खास बात यह है कि इन टूल्स से उनकी नौकरियों को कोई खतरा नहीं होगा।
आर्कनसास में हुए एसोसिएट्स वीक इवेंट में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि कैसे AI स्टोर्स के संचालन से लेकर ग्राहक सेवा तक सभी कामों को बेहतर बना रहा है।
इसके साथ ही वॉलमार्ट ने एक नया प्रोग्राम भी शुरू किया है, जिसके तहत अमेरिका के कर्मचारी OpenAI की टेक्नोलॉजी में सर्टिफिकेट हासिल कर पाएंगे।
कामकाज को बेहतर बनाता है AI
वॉलमार्ट में AI का इस्तेमाल सिर्फ काम की रफ्तार बढ़ाने के लिए नहीं है। AI की मदद से माल ढोने वाले मैनेजर बेहतर रास्तों की योजना बना पाते हैं, जिससे चालकों को घर पर ज्यादा समय मिलता है।
इसके अलावा, सेल्फ-चेकआउट सिस्टम को भी और स्मार्ट बनाया गया है, जो बिना लेबल वाले फल-सब्जियों को भी पहचान लेता है। ग्राहकों की बातों को सुनने का तरीका भी बेहतर हुआ है।
कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों ने इन बदलावों को कर्मचारियों की जगह लेने वाले नहीं, बल्कि उनकी मदद करने वाले टूल के तौर पर पेश किया है।
चीफ पीपल ऑफिसर डोना मॉरिस ने कहा, "टेक्नोलॉजी हमारे भविष्य को शक्ति देगी, लेकिन इसे हमारे सहयोगी ही आगे बढ़ाएंगे।"