फ्लिपकार्ट बेंगलुरु में 15 अगस्त से शुरू करेगी फूड डिलीवरी सेवा
वॉलमार्ट की फ्लिपकार्ट बेंगलुरु में अपनी खुद की फूड डिलीवरी सेवा शुरू करने की तैयारी में है। यह सेवा 15 अगस्त से पहले ही शुरू हो सकती है।
खास बात यह है कि फ्लिपकार्ट रेस्टोरेंट को बहुत कम कमीशन देगी, जो लगभग 10 फीसदी होगा। यह कमीशन जोमैटो और स्विगी की मौजूदा दरों से काफी कम है।
इससे उन रेस्टोरेंट पार्टनर्स और ग्राहकों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी, जो ऊंचे कमीशन और फीस से परेशान थे।
ONDC पर चलेगी यह सेवा
यह नई फूड डिलीवरी सेवा ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के प्लेटफॉर्म पर काम करेगी, जिसे सरकार का समर्थन हासिल है।
इस ओपन नेटवर्क के जरिए रेस्टोरेंट बिना किसी एक ऐप से बंधे अपनी सेवाएं ग्राहकों तक पहुंचा सकेंगे। शुरुआत में फ्लिपकार्ट बेंगलुरु में एक पायलट चरण शुरू करने की योजना बना रही है।
यूजर्स से मिलने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर इसका विस्तार दूसरे शहरों में भी किया जाएगा। इसके अलावा, रैपिडो जैसे प्लेटफार्मों का जीरो कमीशन मॉडल भी काफी चर्चा में है। ऐसे में आने वाले समय में फूड डिलीवरी का बाजार और भी ज्यादा प्रतिस्पर्धी होने वाला है।