कर्जे में डूबी Vi को प्रमोटर से मिला 1,182 करोड़ रुपये का सहारा
वोडाफोन-आइडिया (Vi) को उसके प्रमोटर आदित्य बिड़ला ग्रुप से 1,182 करोड़ रुपये की रकम मिली है। यह रकम 430 करोड़ वारंट्स के जरिए आई है।
इन वारंट्स की कीमत 11 रुपये प्रति शेयर तय की गई है और इसमें से एक चौथाई भुगतान अभी कर दिया गया है।
इन वारंट्स को अगले 18 महीनों के भीतर शेयरों में बदला जा सकता है। यह पूरा कदम Vi की 3 साल में 1 लाख करोड़ रुपये जुटाने की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत कंपनी बड़े निवेश और कर्ज के जरिए फंड जुटाएगी।
तीसरे साल में बढ़ जाएगी कर्जे की किस्त
Vi पर अभी भारी कर्जे के बोझ तले दबी हुई है। मार्च तक कंपनी पर स्पेक्ट्रम फीस के 1.27 लाख करोड़ रुपये और AGR बकाया के 25,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज है।
कर्ज की किस्तों का भुगतान इस साल के 7,000 करोड़ रुपये से बढ़कर तीसरे साल तक 27,000 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा। इस स्थिति से निपटने के लिए Vi अपने नेटवर्क को बेहतर बनाने पर 45,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बना रही है।
साथ ही, कंपनी नकदी प्रवाह बनाए रखने के लिए बैंकों और टैक्स अधिकारियों के साथ लगातार मिलकर काम कर रही है।