पेटीएम प्रमुख ने दी AI की दौड़ में अमेरिका-चीन की नकल नहीं करने की सलाह
पेटीएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) विजय शेखर शर्मा का कहना है कि अब समय आ गया है कि भारत अपना खुद का आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) फ्रेमवर्क तैयार करे, जो किफायती हो, सबको साथ लेकर चले और स्थानीय जरूरतों के हिसाब से हो।
गूगल के पूर्व CEO एरिक श्मिट और विश्लेषक सेलिना जू के एक लेख का हवाला देते हुए शर्मा ने अपने ये विचार साझा किए।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत को सिर्फ अमेरिका या चीन जो कर रहे हैं, उसकी नकल नहीं करनी चाहिए।
ओपन-सोर्स AI का किया समर्थन
शर्मा का मानना है कि देश में शक्तिशाली और किफायती AI बनाने के लिए ओपन-सोर्स टूल ही सही रास्ता हैं। उन्होंने भारत में QR पेमेंट की सफलता का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे स्मार्ट और स्वदेशी तकनीक बिना बड़े निवेश के भी खूब आगे बढ़ सकती है।
इसी बीच, श्मिट और जू ने दुनियाभर में AI को बिना किसी रोक-टोक के बढ़ने देने के खिलाफ चेतावनी दी है। यह हमें याद दिलाता है कि भारत का नजरिया संतुलित होना चाहिए और उसे अपने देश की असली समस्याओं को हल करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।