भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन ने बताया है कि वित्त वर्ष 2028 तक देश को रुपये के और मजबूत होने की चिंता सता सकती है, कमजोर होने की नहीं।
यह उस आम चिंता से बिल्कुल उलट है, जब अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के गिरने की फिक्र रहती है।
तेल के दाम गिरने और विदेशी निवेश का असर
नागेश्वरन ने दुनियाभर में कच्चे तेल की घटती कीमतों और विदेशी निवेश में सुधार को इसकी अहम वजह बताया है। कई एजेंसियां उम्मीद कर रही हैं कि अगले साल ब्रेंट क्रूड की कीमतें 80 डॉलर (करीब 7,600 रुपये) प्रति बैरल से नीचे जा सकती हैं। अगर, ऐसा होता है तो भारत का आयात बिल घट जाएगा और महंगाई भी काबू में आ सकती है।
इसके अलावा, निवेशक अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े एसेट से अलग सुरक्षित ठिकाने तलाश रहे हैं, जिसकी वजह से भारत में पैसा आ रहा है। नवंबर में मंगलवार तक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने 10 अरब डॉलर (करीब 950 अरब रुपये) का निवेश किया है।
नागेश्वरन ने कहा, "अगर ऐसा होता है तो अगले साल भारत को ऊर्जा की कम कीमतों का बहुत बड़ा फायदा मिलेगा। इससे स्वाभाविक तौर पर इनपुट की लागत कम होगी, महंगाई घटेगी और आर्थिक विकास भी तेजी से होगा।"