क्यों अंड़े 40 फीसदी तक हो गए महंगे? सर्दियों में और बढ़ सकते हैं दाम
पिछले एक साल में अंडे काफी महंगे हो गए हैं। इनकी कीमतें करीब 40 फीसदी तक बढ़ गई हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह मक्का है। मुर्गियों के खाने के लिए मक्का बहुत जरूरी होता है, लेकिन अब यह बहुत महंगा हो गया है।
ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि मक्के का एक बड़ा हिस्सा मुर्गियों को खिलाने के बजाय अब इथेनॉल ईंधन बनाने में काम आ रहा है। फिलहाल फार्म पर एक अंडा 7 रुपये का मिल रहा है, वहीं दुकानों पर इसकी कीमत 9 रुपये तक पहुंच गई है।
इस कारण बढ़ी कीमत
अंडे बनाने में सबसे ज्यादा खर्च मक्के पर ही आता है। ऐसे में जब मक्के का दाम लगभग दोगुना होकर 26,500 रुपये प्रति टन हो गया है तो किसानों के साथ-साथ ग्राहकों की जेब पर भी भारी असर पड़ रहा है।
सर्दियों में अंडों की मांग बढ़ जाती है और मक्के के दाम कम होने के कोई आसार दिख नहीं रहे हैं। ऐसे में नेशनल एग को-ऑर्डिनेशन कमेटी (NECC) ने चेतावनी दी है कि अंडे और महंगे हो सकते हैं।
सर्दियों में इनकी कीमतें बढ़ने या फिर काफी ऊंचे स्तर पर बने रहने की संभावना है। ईंधन और भोजन दोनों की मांग को पूरा करने के लिए भारत अब मक्का आयात भी कर रहा है।