अमेरिका ने एडवांस्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स के निर्यात से जुड़े अपने नियमों को और कड़ा कर दिया है। इस सख्ती के चलते चीन की दिग्गज टेक कंपनियों जैसे बाइटडांस, अलीबाबा और टेनसेंट को मिलने वाले बड़े कर्जों पर रोक लग गई है।
अब सिंगापुर, मलेशिया, इंडोनेशिया, थाईलैंड और ब्राजील की कंपनियों को भी अमेरिकी निर्माताओं से ये चिप्स खरीदने के लिए अमेरिकी सरकार से लाइसेंस लेना जरूरी होगा।
इस नए नियम से कई बड़े डाटा सेंटर प्रोजेक्ट्स अटक गए हैं, जिनमें बेन कैपिटल का ब्रिज डाटा सेंटर्स के लिए हुआ 6.6 अरब डॉलर (करीब 600 अरब रुपये) का समझौता भी शामिल है।
बैंक कर्ज देने पर फिर से कर रहे विचार
नई पाबंदियों के बाद सिटीग्रुप और स्टैंडर्ड चार्टर्ड जैसे बड़े बैंक एशियाई ग्राहकों को कर्ज देने के अपने फैसले पर फिर से विचार कर रहे हैं।
बढ़ते जोखिमों की वजह से निजी ऋणदाता भी अब पीछे हट रहे हैं। इससे एशिया-प्रशांत क्षेत्र के डाटा सेंटर्स का जो बाजार तेजी से बढ़ रहा था, उसकी रफ्तार अब धीमी पड़ गई है।
बता दें कि 2023 से अब तक इस सेक्टर में 49 अरब डॉलर (करीब 4,500 अरब रुपये) से ज्यादा का कर्ज दिया जा चुका था।
ट्रेड वकील बेन कोस्ट्रजेवा का कहना है कि भले ही इस कदम से इस सेक्टर को अपनी रणनीतियों पर फिर से सोचने का मौका मिला है, लेकिन अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती तकनीकी होड़ के कारण इस सेक्टर की रफ्तार पर निश्चित रूप से बुरा असर पड़ा है।