LOADING...
UPI जल्द ही लेनदेन में निकल सकता है वीजा से आगे 
UPI जल्द लेनदेन में निकल सकता है वीजा से आगे

UPI जल्द ही लेनदेन में निकल सकता है वीजा से आगे 

Jun 04, 2025
03:26 pm

क्या है खबर?

भारत का यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) जल्द वैश्विक भुगतान कंपनी वीजा से आगे निकल सकता है। जून की शुरुआत में UPI ने लगातार 2 दिन 64.4 और 65 करोड़ लेनदेन दर्ज किए, जो अब तक का बड़ा संकेत है। इसकी तुलना में वीजा ने मार्च तिमाही में रोजाना औसतन 67.4 करोड़ लेनदेन दर्ज किए थे। अगर UPI की यही रफ्तार बनी रही, तो यह दुनिया का सबसे बड़ा भुगतान प्लेटफॉर्म बन जाएगा और डिजिटल इंडिया की बड़ी जीत साबित होगी।

वृद्धि

UPI की मासिक और वार्षिक वृद्धि बनी मजबूत 

UPI अब भारतीयों के लिए लेनदेन का सबसे लोकप्रिय तरीका बन गया है, क्योंकि यह तेज, आसान और सुरक्षित है। महीने-दर-महीने इसमें 5-7 प्रतिशत और सालाना 40 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि हो रही है। वीजा के मुकाबले, जो केवल 10 प्रतिशत सालाना बढ़ रहा है, UPI की गति काफी तेज है और लगातार बनी हुई है। सरकार और NPCI ने आने वाले समय में रोजाना 1 अरब लेनदेन का लक्ष्य रखा है, जिसे जल्द पूरा किया जा सकता है।

रिकॉर्ड

मई में UPI ने बनाया नया रिकॉर्ड 

मई, 2025 में UPI ने 1,868 करोड़ लेनदेन के साथ 25.14 लाख करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बनाया और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। अप्रैल में यह आंकड़ा 23.94 लाख करोड़ रुपये था, जिससे महीने में 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। सालाना तुलना में मई में 23 प्रतिशत की बढ़त देखी गई। हर दिन औसतन 81,106 करोड़ रुपये के लेनदेन हुए। ये आंकड़े दिखाते हैं कि UPI का भरोसा और उपयोग दोनों तेजी से बढ़ रहा है।