UP बजट 2026 में AI और डाटा सेंटर के लिए हुईं ये बड़ी घोषणाएं
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने आज (11 फरवरी) प्रदेश के लिए वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया है। इस बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी तकनीकी क्षेत्र के लिए भी कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। सरकार ने UP AI मिशन शुरू करने का ऐलान किया है, जिसके लिए 225 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश को आईटी हब बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
योजना
ITI में AI लैब और साइबर सुरक्षा योजना
वित्त मंत्री ने बताया कि इंडिया AI मिशन के सहयोग से प्रदेश की 49 ITI में AI लैब बनाई जाएंगी, जिसके इसके लिए 32 करोड़ 82 लाख रुपये का बजट रखा गया है। इसके साथ ही, AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और डाटा क्रेडिट व्यवस्था भी बनाई जाएगी। साइबर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 95 करोड़ 16 लाख रुपये की नई योजना से साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर स्थापित किया जाएगा।
डाटा सेंटर
AI प्रजा कार्यक्रम और डाटा सेंटर योजना
राज्य में AI प्रजा कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिसमें बड़ी तकनीकी कंपनियां प्रशिक्षण में सहयोग कर रही हैं। इस योजना के तहत किसानों, छात्रों और अधिकारियों को AI की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे प्रदेश AI के क्षेत्र में आगे बढेगा। इसके साथ ही 30,000 करोड़ रुपये की लागत से आठ डाटा सेंटर पार्क स्थापित करने की योजना है। इन परियोजनाओं से हजारों करोड़ रुपये का निवेश आएगा और सैकड़ों डाटा सेंटर क्षमता विकसित होगी।
अन्य
महिला और युवा सशक्तिकरण पर जोर
बजट में महिला उद्यमियों और युवाओं के लिए भी कई योजनाएं घोषित की गई हैं। स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए नई विपणन योजना लाई जा रही है। टेक युवा-समर्थ युवा योजना के तहत युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश में रोजगार और विकास के नए अवसर तैयार किए जाएं।