युनाइटेडहेल्थ का AI पर करीब 25,000 करोड़ रुपये का भारी निवेश का ऐलान
अमेरिका की सबसे बड़ी हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी युनाइटेडहेल्थ ग्रुप ने एक बड़ा ऐलान किया है। कंपनी अगले 2 सालों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में 3 अरब डॉलर (लगभग 25,000 करोड़ रुपये) का बड़ा निवेश करने जा रही है।
कंपनी का मकसद है कि AI की मदद से कामकाज को और आसान बनाया जाए और लागत को कम किया जा सके।
युनाइटेडहेल्थ ग्रुप पहले से ही AI का इस्तेमाल कई कामों में कर रहा है। इनमें चिकित्सक के अपॉइंटमेंट बुक करना, घर पर होने वाले इलाज के लिए मरीजों के मेडिकल रिकॉर्ड की जांच करना और ग्राहक सेवाओं में बार-बार आने वाली समस्याओं को पहचानना जैसे काम शामिल हैं।
कंपनी को AI पर निवेश से मिला 2 गुना रिटर्न
युनाइटेडहेल्थ का कहना है कि AI में उनका निवेश अच्छा रिटर्न दे रहा है। कंपनी का दावा है कि AI के जरिए उन्हें जितना पैसा लगाया है, उससे दोगुना फायदा मिल रहा है। यह इसलिए हो रहा है क्योंकि AI रोजमर्रा के कामों को ऑटोमेट करके आसान बना रहा है और मरीजों तक इलाज जल्दी पहुंच रहा है।
कंपनी को उम्मीद है कि इस साल अकेले ही वे करीब एक अरब डॉलर (लगभग 8,300 करोड़ रुपये) की बचत कर लेंगे, लेकिन AI को लेकर अभी भी हर कोई पूरी तरह भरोसा नहीं करता।
हाल ही के एक सर्वे में सामने आया है कि ज्यादातर लोगों को यह विश्वास नहीं है कि कंपनियां AI का इस्तेमाल सही तरीके से और जिम्मेदारी के साथ करेंगी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए युनाइटेडहेल्थ ने एक आंतरिक समीक्षा बोर्ड बनाया है।
इसमें चिकित्सा नीतिशास्त्र, चिकित्सक, तकनीशियन, गोपनीयता और कानूनी विशेषज्ञ शामिल हैं। बोर्ड यह देखेगा कि कंपनी के सभी AI प्रोजेक्ट सही ढंग से और नैतिक मूल्यों के दायरे में रहकर काम करें।