केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने डाटा सेंटर्स के लिए भारत को बताया पंसदीदा जगह
टोक्यो की अपनी यात्रा के दौरान वाणिज्य और उद्योग मंत्री पियूष गोयल ने कहा कि डाटा सेंटर निवेश के लिए भारत अब दुनिया की सबसे पसंदीदा जगहों में से एक बनता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि देश को बड़ी कंपनियों से कुल 200 अरब डॉलर (करीब 19,000 अरब रुपये) के निवेश का वादा मिला है। इसमें केवल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर और डाटा सेंटर्स के लिए अक्टूबर से दिसंबर, 2025 के बीच गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन और डिजिटल कनेक्शन जैसी कंपनियों से ही लगभग 80 अरब डॉलर (करीब 7,600 अरब रुपये) का निवेश शामिल है।
AI और सेमीकंडक्टर की मांग पर दिया जोर
गोयल ने जापान के साथ तकनीक, व्यापार, निवेश और पर्यटन जैसे कई क्षेत्रों में मिलकर काम करने की बात भी कही। उन्होंने यह भी बताया कि भारत में AI और सेमीकंडक्टर की लगभग 150 अरब डॉलर (करीब 14,000 अरब रुपये) की भारी मांग है, जो दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए एक बड़ा अवसर बन सकती है।
जापान में रह रहे भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में गोयल ने कहा कि अगर, भारतीय जापानी भाषा सीखें तो उन्हें केयरगिविंग और इंजीनियरिंग जैसे कई क्षेत्रों में अच्छी नौकरियां मिल सकती हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जापान में बसे 60,000 से ज्यादा भारतीय जो पैसा अपने देश भेजते हैं, उससे भारत के विकास को काफी सहारा मिल रहा है।