बजट 2024 की सभी लाइव अपडेट

हम बड़ा लक्ष्य तय करते हैं और प्राप्त करते हैं- प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने कहा, "हम एक बड़ा लक्ष्य तय करते हैं और उसे प्राप्त करते हैं। गरीबों के लिए हमने गांव और शहरों में 4 करोड़ से ज्यादा घर बनाए। अब 2 करोड़ और घर बनाने का लक्ष्य है। 2 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा था, अब 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का नया लक्ष्य रखा है। आयुष्मान योजना में आशा वर्कर्स और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को लाभान्वित किया जाएगा।"
प्रधानमंत्री बोले- यह देश के भविष्य के निर्माण का बजट
अंतरिम बजट के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस बजट में युवा भारत की युवा आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा, "यह देश के भविष्य के निर्माण का बजट है। ये विकसित भारत के लिए समर्पित बजट है। शानदार बजट के लिए वित्त मंत्री को बधाई देता हूं।" उन्होंने बजट के लिए देशवासियों को भी बधाई दी।
अखिलेश यादव बोले- ये भाजपा का विदाई बजट
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, 'कोई भी बजट अगर विकास के लिए नहीं है और कोई भी विकास अगर जनता के लिए नहीं है तो वो व्यर्थ है। भाजपा सरकार ने जनविरोधी बजटों का एक दशक पूरा करके एक शर्मनाक रिकार्ड बनाया है, जो फिर कभी नहीं टूटेगा क्योंकि अब सकारात्मक सरकार आने का समय हो गया है। ये भाजपा का ‘विदाई बजट’ है।'
एक घंटे से भी कम समय में बजट भाषण खत्म
निर्मला सीतारमण का भाषण खत्म हो गया है। उन्होंने करीब 57 मिनट के अपने भाषण में कोई बड़ा ऐलान नहीं किया। ना तो इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव हुआ और ना ही रोजगार से जुड़ा कोई ऐलान हुआ।
अंतरिम बजट की बड़ी बातें
टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं।
पीएम आवास योजना के तहत 5 साल में 2 करोड़ घर बनाए जाएंगे।
3 नए रेल कॉरिडोर शुरू किए जाएंगे।
एक करोड़ घरों को 300 यूनिट की मुफ्त बिजली।
9 से 14 साल की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा।
आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता आयुष्मान भारत के दायरे में आएंगे।
10 साल में 149 एयरपोर्ट बनाए जाएंगे।
40,000 रेल बोगियों को वंदे भारत जैसी बोगियो में बदला जाएगा।
मध्यम वर्ग के लिए आवास योजना लाई जाएगी।
टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं
वित्त मंत्री ने डायरेक्ट या इनडायरेक्ट टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया है। ये पहले की तरह बना रहेगा।
वित्त मंत्री ने राजकोषीय घाटे का लक्ष्य संशोधित किया
वित्त मंत्री ने कहा, "राजकोषीय घाटा 5.1 फीसदी रहने का अनुमान है, जिसे उसके अगले वर्ष 4.5% से नीचे लाने का लक्ष्य रहेगा। 44.90 करोड़ रुपए का खर्च है और 30 लाख करोड़ का रेवन्यू आने का अनुमान है। 10 साल में इनकम टैक्स कलेक्शन 3 गुना बढ़ गया है। मैंने टैक्स रेट में कटौती की है। 7 लाख की आय वालों को कोई कर देय नहीं है।"
बजट में रेलवे के लिए क्या?
3 रेलवे कॉरिडोर ऊर्जा, खनिज और सीमेंट के लिए बनाए जाएंगे। पीएम गति शक्ति के तहत इनकी पहचान की गई है। इससे लागत कम होगी और सामान की आवाजाही सुगम होगी।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से विकास दर बढ़ाने में मदद मिलेगी। 40,000 सामान्य बोगियों को वंदे भारत के पैमानों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।
जुलाई के बजट में पेश करेंगे विकसित भारत को रोडमैप- सीतारमण
वित्त मंत्री ने कहा, "पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए ई-वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। रेलवे-समुद्र मार्ग को भी जोड़ने पर जोर रहेगा। पर्यटन केंद्रों के विकास में तेजी लाएंगे। राज्यों को ब्याजमुक्त कर्ज दिया जा रहा है। पर्यटन क्षेत्र में विदेशी निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा। 2014 से 2023 तक FDI भी बढ़ा है। सुधार के लिए 75 हजार करोड़ का प्रावधान किया है। जुलाई में पूर्ण बजट आएगा, उसमें विकसित भारत का रोडमैप प्रस्तुत किया जाएगा। इंफ्रास्ट्रक्चर में 11 फीसदी ज्यादा खर्च किया जाएगा।"
अब तक के बजट भाषण के बड़े ऐलान
नैनो यूरिया का दायरा बढ़ाया जाएगा।
5 एक्वा पार्क स्थापित किए जाएंगे।
10 साल में 149 एयरपोर्ट बनेंगे।
बड़े शहरों में नमो मेट्रो का विस्तार होगा।
जिला अस्पतालों को मेडिकल कॉलेज में बदलने के बारे में सुझाव देने के लिए समिति का गठन होगा।
आवास योजना के तहत 5 साल में 2 करोड़ घर बनेंगे।
डेयरी किसानों को बढ़ावा दिया जाएगा।
नैचुरल गैस का आयात बढेगा।
बजट में स्वास्थ्य के लिए हुए ये एलान
वित्त मंत्री ने कहा, "मौजूदा स्वास्थ्य ढांचे का ही इस्तेमाल करते हुए हम और मेडिकल कॉलेज बनाएंगे। हमारी सरकार 9 से 14 साल की बच्चियों को सर्वाइकल कैंसर वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। मातृत्व और बाल विकास के लिए एक समग्र योजना बनाई जाएगी। आंगनवाड़ी केंद्रों को अपग्रेड किया जाएगा। पोषण 2.0 के अमल में तेजी लाई जाएगी। टीकाकरण को मजबूत किया जाएगा। आयुष्मान भारत के तहत सभी आशा और आंगनवाड़ी कर्मियों को इसके दायरे में लाया जाएगा।"
3 नए रेल कॉरिडोर शुरू होंगे
सीतारमण ने कहा, "पीएम मत्स्य संपदा योजना को बढ़ाया जाएगा। मत्स्य उत्पादन दोगुना हो गया है। 9 से 14 साल की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन लगाई जाएगी। 3 नए रेल कॉरिडोर शुरू किए जाएंगे। यात्री ट्रेनों के परिचालन में सुधार किया जाएगा। पीएम गति शक्ति योजना में काम तेज किया जाएगा। 40,000 सामान्य रेल डिब्बों को वंदे भारत में बदला जाएगा। हवाई अड्डों की संख्या बढ़ गई है। कंपनियां 1,000 विमानों का ऑर्डर दे चुकी हैं।"
मध्यमवर्ग को मिलेगा आवास, 300 यूनिट बिजली मुफ्त
वित्त मंत्री ने कहा, "मध्यमवर्ग के लिए योजना बनेगी। किराए के घर, बस्ती, अनियमित घरों में रहने वालों के पास नया घर खरीदने या बनाने का मौका रहेगा। रुफ टॉप सोलर योजना के तहत 300 यूनिट बिजली लोगों को मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।"
आयुष्मान भारत योजना से जुड़ा बड़ा ऐलान
वित्त मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सेविकाओं को भी हेल्थ कवर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "लखपति दीदी को बढ़ावा दिया जाएगा। 2 करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ का निर्णय लिया है। 9 करोड़ महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है। आंगनबाड़ी कार्यक्रमों में तेजी लाई जाएगी। अब तक एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया गया है।"
जनधन खातों में पैसा डालने से 2.7 लाख करोड़ की बचत- वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ने कहा कि जनधन खातों में पैसा डालने से 2.7 लाख करोड़ रुपये की बचत हुई है और सरकार का आर्थिक प्रबंधन इस उच्च स्तर का है जिससे देश को नई दिशा और नई उम्मीद मिली है। उन्होंने कहा, "वित्त सेक्टर को ज्यादा मजबूत, ज्यादा आसानी से संचालन में सक्षम बनाया जा रह है। देश की महंगाई को लेकर जो कठिन चुनौतियां थीं, उनको दूर किया जा रहा है और महंगाई के आंकड़े नीचे आए हैं।"
प्रधानमंत्री आवास योजना में 2 करोड़ घर और बनेंगे
वित्त मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अगले 5 साल में ग्रामीण इलाकों में 2 करोड़ और घर बनाए जाएंगे।
देश में 15 AIIMS का निर्माण हुआ- सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "हमारी सरकार ने नागरिक प्रथम और न्यूनतम सरकार अधिकतम शासन दृष्टिकोण के साथ जवाबदेह, जन केंद्रित और विश्वास आधारित प्रशासन प्रदान किया है। देश में 15 AIIMS का निर्माण हुआ है। करोड़ों युवा स्किल इंडिया से जुड़े हैं।"
वित्त मंत्री ने कहा- औसत वास्तविक आमदनी 50 फीसदी बढ़ी
वित्त मंत्री ने कहा, "औसत वास्तविक आमदनी 50 फीसदी बढ़ी है। महंगाई दर संभली हुई है। परियोजनाएं समय पर पूरी हो रही हैं। लोग अच्छे से रह रहे हैं और अच्छी आमदनी कर रहे हैं। बड़ी योजनाओं की प्रभावी तरीके से और समय पूरा किया जा रहा है। GST ने एक देश, एक मार्केट और एक टैक्स की धारणा को मजबूत किया है। हमने 300 यूनिवर्सिटी की स्थापना की है और एक तिहाई महिलाओं को आरक्षण मुहैया कराया है। पिछले 10 साल में 30 करोड़ मुद्रा योजना ऋण महिला उद्यमियों को दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं को 70 प्रतिशत आवास महिलाओं को मिले हैं।"
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले- वित्त मंत्री
सीतारमण ने कहा, "4 करोड़ किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिया गया है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 78 लाख वेंडर्स को मदद की गई। 34 लाख करोड़ रुपये जनधन के जरिए सीधे पैसा ट्रांसफर किया जा चुका है। हमने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। पीएम किसान योजना से 11.8 करोड़ लोगों को आर्थिक मदद मिली है। 3,000 नए IIT खोले गए हैं। 54 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है। तीन तलाक को गैरकानूनी घोषित किया है।"
वित्त मंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
वित्त मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा, "अन्नदाताओं की उपज के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाया गया। पारदर्शिता के साथ संसाधनों का वितरण किया गया है। हम असमानता दूर करने का प्रयास किया है, ताकि सामाजिक परिवर्तन लाया जा सके। प्रधानमंत्री के मुताबिक गरीब, महिलाएं, युवा और अन्नदाता, ये ही 4 जातियां हैं, जिन पर हमारा फोकस है। उनकी जरूरतें, उनकी आकांक्षाएं हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं।"