यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप भारत में सफल होने के लिए अपनाएगा चीन वाली रणनीति
यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप (UMG) भारत में संगीत रिलीज करने के तरीके में बदलाव करने जा रहा है। अगस्त के आखिर से UMG के सभी नए गाने सबसे पहले स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के पेड टियर्स पर उपलब्ध होंगे।
इसका मतलब है कि अगर, आप इन नए गानों को सबसे पहले सुनना चाहते हैं तो आपको सब्सक्रिप्शन लेना पड़ेगा। जो लोग मुफ्त में संगीत सुनते हैं, वे इन गानों को 72 घंटे बाद सुन पाएंगे।
UMG के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सर लूसियन ग्रेंज ने 30 जुलाई को बताया कि कंपनी चीन में अपनी सफल रणनीति के बाद यह कदम उठा रही है।
भुगतान वाली सर्विस से चीन में मिली सफलता
ग्रेंज का मानना है कि नए संगीत को भुगतान वाली सर्विस के तहत रखने से चीन का बाजार बहुत तेजी से बढ़ा था। वहां प्रीमियम सब्सक्रिप्शन और प्रशंसकों के समर्थन की वजह से सालाना आय में 20 फीसदी से ज्यादा की बढ़त हुई, जिससे 2025 तक चीन दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रिकॉर्डेड म्यूजिक बाजार बन गया।
उनका कहना है कि भारत में भी वैसी ही रचनात्मक प्रतिभा और स्मार्टफोन की अच्छी पहुंच है। इसलिए, उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस बदलाव से न सिर्फ भारतीय संगीत उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि भारत में UMG की पकड़ भी मजबूत होगी।