उज्ज्वला लाभार्थियों को पहले 4 सिलेंडर पर 300 रुपये मिलेगी सब्सिडी, जानिए कैसे करें आवेदन
क्या है खबर?
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत अब लाभार्थियों को साल में पहले 4 LPG रिफिल पर 300 रुपये प्रति सिलेंडर की सब्सिडी मिलेगी। यानी एक परिवार को सालाना अधिकतम 1,200 रुपये की ही सहायता दी जाएगी। पहले यह लाभ अधिक सिलेंडरों पर उपलब्ध था। सरकार का कहना है कि उज्ज्वला परिवारों को रसोई गैस कम कीमत पर उपलब्ध कराने के लिए यह सहायता जारी रखी गई है।
आवेदन
कौन कर सकता है आवेदन?
उज्ज्वला योजना का लाभ 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र की गरीब महिला को दिया जाता है। आवेदन करने वाले परिवार के किसी सदस्य के नाम पहले से LPG कनेक्शन नहीं होना चाहिए। जरूरी दस्तावेजों में आधार कार्ड, राशन कार्ड या परिवार का प्रमाण पत्र, बैंक अकाउंट की जानकारी, पासपोर्ट साइज फोटो, पता प्रमाण और निर्धारित घोषणा पत्र शामिल हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर पात्रता की जांच की जाती है।
रजिस्ट्रेशन
ऑनलाइन और ऑफलाइन ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए लाभार्थी PMUY की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। चाहें तो नजदीकी CSC केंद्र की मदद भी ले सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन के लिए पास के LPG वितरक के कार्यालय में फॉर्म जमा करना होता है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र लाभार्थियों को नया गैस कनेक्शन दिया जाता है।
फायदे
मुफ्त कनेक्शन समेत मिलते हैं कई फायदे
उज्ज्वला योजना के तहत लाभार्थियों को बिना सुरक्षा जमा राशि के LPG कनेक्शन दिया जाता है। इसके साथ सिलेंडर, रेगुलेटर, पाइप, पहला रिफिल और दो-बर्नर चूल्हा भी मुफ्त मिलता है। केंद्र सरकार के अनुसार, उज्ज्वला उपभोक्ता 14.2 किलोग्राम का सिलेंडर सामान्य ग्राहकों की तुलना में कम कीमत पर प्राप्त करते हैं। इस योजना का उद्देश्य गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करना है।