ट्रंप को भरोसा एलन मस्क राष्ट्रीय बचत में करेंगे स्पेस-X के शेयर दान
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भरोसा जताया है कि एलन मस्क अपनी नई सर्वाजनिक एयरोस्पेस कंपनी स्पेस-X का कुछ हिस्सा 'ट्रंप अकाउंट्स' में दान करेंगे। यह अमेरिकी बच्चों के लिए फेडरल सरकार का नया इंवेस्टमेंट सेविंग्स प्रोग्राम है। एक साक्षात्कार में ट्रंप ने बताया कि स्पेस-X के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के बाद अरबपति मस्क के खरबपति बनने का ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया था, लेकिन तब से उन्होंने मस्क से सीधे कोई बात नहीं की है।
भरोसा
ट्रंप ने कहा-मस्क से अभी भी रिश्ते बेहतर
CNBC को दिए साक्षात्कार में ट्रंप से पूछा गया कि क्या मस्क एयरोस्पेस साम्राज्य का कुछ हिस्सा राष्ट्रीय बचत पहल में देंगे? इस राष्ट्रपति ने जवाब दिया, "मुझे लगता है कि वह ऐसा करेंगे, उन्होंने मुझे 100 फीसदी सपोर्ट किया। वह मुझे पसंद करते थे और अब भी करते हैं।" आगे कहा कि भले ही इलेक्ट्रिक गाड़ी पर रियायतें खत्म होने से मस्क स्वाभाविक रूप से खुश नहीं थे, लेकिन उनके बीच के रिश्ते अब भी बने हुए हैं।
अनबन
किस बात को लेकर है दोनों के बीच अनबन?
यह बात उन्होंने तब कही, जब दोनों के बीच अनबन चल रही है। ट्रंप की ओर से इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए फेडरल सब्सिडी और प्रोडक्शन से जुड़े नियमों को खत्म करने के बाद से ही मस्क उनसे नाराज चल रहे हैं क्योंकि इसका असर टेस्ला पर पड़ा है। पहले ट्रंप के कैंपेन के समर्थक रहे मस्क ने उनकी सार्वजनिक रूप से आलोचना की थी। हालांकि, ट्रंप ने उनके बीच हुए मतभेद को एक अस्थायी कॉर्पोरेट असहमति बताकर नजरअंदाज कर दिया।
ट्रंप अकाउंट्स
क्या है ट्रंप अकाउंट्स?
ट्रंप अकाउंट्स का मकसद युवा अमेरिकियों के लिए पीढ़ियों तक चलने वाली संपत्ति बनाना है। अमेरिकी ट्रेजरी 1 जनवरी, 2025 से 31 दिसंबर, 2028 के बीच पैदा होने वाले बच्चे के लिए टैक्स-फायदे वाले अकाउंट में 1,000 डॉलर (करीब 90,000 रुपये) जमा कर देती है। यह पैसा अमेरिकी इक्विटी इंडेक्स फंड में लॉक हो जाता है और जब बच्चा 18 साल का हो जाता है तो यह निवेश लंबे समय के लिए रिटायरमेंट-स्टाइल की बचत में बदल जाता है।