RBI ने नहीं बढ़ाई रेपो रेट, जानिए FD और EMI पर क्या पड़ेगा असर
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। इसे 5.25 फीसदी पर ही रखा है। यह एक समझदारी भरा कदम है। दुनिया के बाजारों में अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है, ऐसे में RBI महंगाई को काबू में रखना चाहता है।
अगर, आपके मन में सवाल है कि इससे आपकी जेब पर क्या असर पड़ेगा तो बता दें कि बैंक इसी रेपो रेट के आधार पर लोन और फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर ब्याज दरें तय करते हैं। इसलिए, अभी के लिए ब्याज दरें लगभग स्थिर ही रहने वाली हैं।
FD दरें लगभग स्थिर ही रहेंगी
आने वाले दिनों में FD की ब्याज दरों में खास बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है क्योंकि ज्यादातर बैंक पहले ही अपनी दरें ऊपर-नीचे कर चुके हैं।
यह हो सकता है कि निजी बैंक और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (NBFCs) बड़े सरकारी बैंकों के मुकाबले FD पर थोड़ा ज्यादा ब्याज दे दें।
अगर, आप अपने परिवार के किसी बुजुर्ग व्यक्ति के लिए निवेश कर रहे हैं तो उन्हें FD पर ज्यादा ब्याज मिलता है। आमतौर पर यह आम लोगों से 0.25 से 0.75 फीसदी तक ज्यादा होता है, लेकिन वित्तीय सलाहकार कहते हैं कि सिर्फ FD पर ही निर्भर न रहें। अपने लक्ष्यों और जोखिम लेने की क्षमता के हिसाब से कॉर्पोरेट FD, डेट म्यूचुअल फंड या सरकारी बॉन्ड जैसे दूसरे विकल्पों को भी देखना चाहिए।