IDBI बैंक की हिस्सेदारी बेचने से ग्राहकों के जमा पैसे पर खतरा, यूनियनों ने दी चेतावनी
3 बड़े बैंक यूनियन 3 दिसंबर को हड़ताल पर जाने वाले हैं। यह हड़ताल सरकार के IDBI बैंक का एक बड़ा हिस्सा (60 फीसदी) फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को बेचने के फैसले के खिलाफ की जा रही है।
बता दें कि इस महीने की शुरुआत में भी 2 दिन की हड़ताल हो चुकी है।
इस बार की हड़ताल का मकसद IDBI के उन कर्मचारियों और अधिकारियों का समर्थन करना है, जो बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचने के सरकारी कदम का विरोध कर रहे हैं।
सरकारी बैंकों पर भरोसा होगा कम
फिलहाल, IDBI बैंक में सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की कुल मिलाकर 94 फीसदी हिस्सेदारी है। इस बैंक में ग्राहकों के करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये जमा हैं।
यूनियन नेताओं का साफ कहना है कि बैंक को बेचने से आम लोगों का पैसा खतरे में पड़ सकता है और सरकारी बैंकों पर लोगों का भरोसा भी कमजोर हो सकता है।
उनका मानना है कि बैंक का सरकारी स्वामित्व में बने रहना देश की आर्थिक स्थिरता और हर किसी की बचत को सुरक्षित रखने के लिए बहुत जरूरी है।