कम ब्याज पर लोन से लेकर बीमा कवर तक, सैलरी अकाउंट में छिपे हैं कई फायदे
क्या है खबर?
सैलरी अकाउंट को ज्यादातर लोग केवल वेतन जमा होने का जरिया मानते हैं, लेकिन इसके कई फायदे हैं, जिनके बारे में बहुत कम को पता होता है। कंपनियां अपने कर्मचारियों का मासिक वेतन सीधे उनके सैलरी अकाउंट में ट्रांसफर करती हैं, जिसके बदले बैंक कई खास सुविधाएं देते हैं। यह आम बचत खाते की तुलना में ज्यादा सहूलियत, कम चार्ज और अतिरिक्त फायदे लेकर आता है। अगर, आपका भी सैलरी अकाउंट है तो जानिए इसमें क्या-क्या फायदे मिलेंगे।
जीरो बैलेंस
पूरा पैसा उपयोग करने की छूट
जीरो बैलेंस की सुविधा: सैलरी अकाउंट का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसमें न्यूनतम बैलेंस रखने की कोई शर्त नहीं होती। चाहे खाते में पैसे हों या न हों बैंक कोई पेनल्टी नहीं लगाता। आसान और तेज ऑनलाइन बैंकिंग: ज्यादातर सैलरी अकाउंट में एडवांस ऑनलाइन बैंकिंग सुविधाएं मिलती हैं। NEFT और RTGS जैसे फंड ट्रांसफर कई बार मुफ्त होते हैं या सीमित चार्ज पर मिलते हैं। फ्री ATM ट्रांजैक्शन: हर महीने कई फ्री ATM ट्रांजैक्शन की सुविधा मिलती है।
लोन
आसानी से मिल सकता है लोन
फ्री डेबिट कार्ड और चेकबुक: सैलरी अकाउंट के साथ फ्री डेबिट कार्ड और चेकबुक मिलती है। डेबिट कार्ड से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह के भुगतान आसान हो जाते हैं। लोन में आसानी: इससे पर्सनल लोन, होम लोन या कार लोन लेना आसान हो जाता है, क्योंकि बैंक सैलरी अकाउंट को स्थायी आय का सबूत मानते हैं। ऑफर्स: कई बैंक सैलरी शॉपिंग और डाइनिंग ऑफर्स देते हैं। इनमें कैशबैक, डिस्काउंट और एक्सक्लूसिव डील्स शामिल होती हैं।
बीमा
बीमा कवर भी प्रदान करता है सैलरी अकाउंट
क्रेडिट कार्ड के फायदे: कई बार लाइफटाइम फ्री क्रेडिट कार्ड, ज्यादा क्रेडिट लिमिट, रिवॉर्ड पॉइंट्स और कैशबैक जैसे फायदे मिलते हैं। कम ब्याज पर लोन: सैलरी अकाउंट पर आपको कम ब्याज पर लोन की सुविधा मिल सकती है। बीमा कवर: कुछ अकाउंट में एक्सीडेंटल डेथ कवर या स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। प्रायोरिटी बैंकिंग सर्विस: कई बार प्रायोरिटी बैंकिंग का लाभ भी मिलता है। इसमें डेडिकेटेड कस्टमर केयर, रिलेशनशिप मैनेजर और तेज सर्विस शामिल होती है।