अमेरिका के नौकरी आंकड़ों से क्रिप्टो करेंसी बाजार में गिरावट, बिटकॉइन 79,000 डॉलर के नीचे
बिटकॉइन एक बार फिर 79,000 डॉलर (करीब 75 लाख रुपये) के नीचे आ गया है। अमेरिका में नौकरियों की मजबूत रिपोर्ट आने के बाद इसमें एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई है।
इस रिपोर्ट से फेडरल रिजर्व के ब्याज दरें बढ़ाने की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। जल्द ही महंगाई से जुड़े आंकड़े भी सामने आने वाले हैं, ऐसे में ट्रेडर बाजार पर पैनी नजर रख रहे हैं। बिटकॉइन अगस्त के आखिर से 80,000 डॉलर (करीब 76 लाख रुपये) के आंकड़े को पार नहीं कर पाया है।
जेडकैश में आई 5 फीसदी की गिरावट
ईथर में लगभग एक फीसदी की गिरावट देखने को मिली, वहीं जेडकैश को बड़े कॉइन में सबसे ज्यादा झटका लगा, इसमें लगभग 5 फीसदी की गिरावट आई।
हालांकि, पूरे सप्ताह में यह अभी भी अच्छी बढ़त बनाए हुए है। इस बीच, डॉगकॉइन और बिनेंस कॉइन ने बाकियों के मुकाबले खुद को बेहतर संभाले रखा। इनमें एक फीसदी से भी कम की गिरावट आई, जिससे ये अपनी सप्ताहभर की बढ़त को बरकरार रख पाए।
बाजार में इतनी उथल-पुथल के बावजूद जानकारों का कहना है कि क्रिप्टो करेंसी को अभी तक कोई बड़ी तकनीकी चुनौती का सामना नहीं करना पड़ा है।