सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जेट एयरवेज के 3 बोइंग विमानों की नीलामी शुरू
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जेट एयरवेज ने इस शनिवार (18 जुलाई) को अपने 3 बोइंग 737 विमानों की नीलामी शुरू कर दी है।
ये विमान मुंबई, दिल्ली और हैदराबाद में खड़े हैं। इनकी रिजर्व प्राइस 4.93 करोड़ रुपये से लेकर 90.02 करोड़ रुपये तक तय की गई है।
इनमें से एक विमान में मुख्य इंजन और APU नहीं है, जिसकी वजह से उसकी कीमत कम रखी गई है।
777 विमान माल्टा की कंपनी को बेचे
इस साल की शुरुआत में जेट ने अपने 3 बड़े बोइंग 777 विमान माल्टा की कंपनी ऐस एविएशन को कुल 4.6 करोड़ डॉलर (425 करोड़ रुपये) में बेचे थे।
प्रमाणित होते ही ये विमान उड़ान भरने के लिए तैयार हो जाएंगे, लेकिन जेट के कई अन्य विमान अभी भी कानूनी पचड़ों में फंसे हुए हैं।
इसकी वजह बिना चुकाए गए कर्ज को लेकर चल रहे मालिकाना हक के विवाद हैं। बता दें कि जेट एयरवेज की शुरुआत 1993 में हुई थी, लेकिन वित्तीय संकट के चलते अप्रैल, 2019 में इसे बंद कर दिया गया था।