कच्चे तेल के बढ़ते दामों के बीच रुपये पर बढ़ा दबाव, 2 पैसे कमजोर होकर खुला
मंगलवार (8 सितंबर) को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 2 पैसे की गिराटव के साथ 94.51 पर थोड़ा कमजोर खुला। यह सोमवार (7 सितंबर) को 94.49 पर बंद हुआ था।
इस गिरावट की मुख्य वजह ब्रेंट क्रूड तेल की कीमतें ऊंची बनी रहना था। साथ ही, आयातकों की हेजिंग के कारण भी रुपये पर दबाव बढ़ा।
ब्रेंट क्रूड की कीमत अब 97 डॉलर (9,200 रुपये) प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है। यह तेजी पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच आई है, जहां ईरान ने अमेरिका के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके अलावा, महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंकाएं भी बढ़ गई हैं।
RBI ने बेचे 8 अरब डॉलर
रुपये को और गिरने से बचाने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने पिछले सप्ताह लगभग 8 अरब डॉलर (करीब 750 अरब रुपये) बेचे हैं।
विश्लेषकों का कहना है कि रुपये को फिलहाल स्थिर रखने के लिए यह कदम बहुत जरूरी है। जानकारों का यह भी मानना है कि अगर, तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं और RBI अपनी कोशिशें जारी रखता है तो रुपया अभी 94 और 94.75 के बीच ही बना रहेगा।