अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 4 पैसे लुढ़कर 94.36 पर खुला
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सोमवार (22 जून) को भारतीय रुपया 94.36 पर खुला। यह पिछले बंद के स्तर से 4 पैसे कमजोर रहा।
हालांकि, यह पिछले सप्ताह की मजबूती के बाद हुआ है, जब रुपये ने 0.8 फीसदी की शानदार वापसी की थी। यह लगभग 3 महीनों में उसका सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था।
उस दौरान रुपया 94.18 के कई महीनों के उच्चतम स्तर पर भी पहुंच गया था और मई के रिकॉर्ड निचले स्तर 97 से संभल गया था।
ईरान-अमेरिका वार्ता के बाद तेल में गिरावट
ईरान और अमेरिका के बीच कूटनीतिक बातचीत में उत्साहजनक प्रगति की खबर आने के बाद ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत गिरकर 79.24 डॉलर (करीब 7,500 रुपये) प्रति बैरल पर आ गईं।
इससे तेल की बढ़ती कीमतों की चिंता थोड़ी कम हुई है, जो पहले तनाव के कारण 82 डॉलर (करीब 7,800 रुपये) प्रति बैरल के ऊपर पहुंच गई थीं।
भारत के लिए तेल की कम कीमतें अच्छी मानी जाती हैं क्योंकि कच्चे तेल के सस्ते आयात से रुपये को संभलने और अपनी स्थिति मजबूत करने में आसानी होती है।