टाटा संस को कंपनी रजिस्ट्रार से AGM के लिए मिली 3 महीने की मोहलत
टाटा संस को कंपनी रजिस्ट्रार से बड़ी राहत मिली है। अब वह अपनी सालाना आम बैठक (AGM) 31 दिसंबर तक कर पाएगा। रजिस्ट्रार ने इसके लिए कंपनी को 3 महीने की मोहलत दी है।
दरअसल, यह AGM पहले 18 अगस्त को होने वाली थी, लेकिन बैठक के लिए जरूरी कोरम (न्यूनतम सदस्य संख्या) पूरा न हो पाने के कारण इसे टालना पड़ा। इसके बाद टाटा संस ने कंपनी कानून के नियमों का हवाला देते हुए बैठक के लिए और समय मांगा था।
इस कारण नहीं हो सकी बैठक
AGM टलने की वजह से कुछ अहम फैसले अटके पड़े हैं। इनमें वित्त वर्ष 2025-26 के खातों को अंतिम मंजूरी देना, 4,474 करोड़ रुपये के डिविडेंड को पास करना और रोटेशन से रिटायर हो रहे एन चंद्रशेखरन को फिर से निदेशक बनाना शामिल है। इन फैसलों में देरी की बड़ी वजह टाटा के एक प्रमुख ट्रस्ट (SRTT) पर लगा प्रतिबंध है।
महाराष्ट्र के चैरिटी कमिश्नर के एक आदेश के चलते मई से SRTT को बैठकों में शामिल होने से रोक दिया है। अब SRTT ने चैरिटी कमिश्नर कार्यालय (CCM) से फिर से अपील की है कि उस पर लगी पाबंदियां हटा दी जाएं। ट्रस्ट उम्मीद कर रहा है कि वह जल्द ही इन बैठकों में दोबारा शामिल हो पाएगा।