IT शेयरों की रफ्तार ने शेयर बाजार को दी उछाल
भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को रौनक लौटी। सेंसेक्स 400 अंकों से ज्यादा चढ़कर 77,200 के ऊपर पहुंच गया और निफ्टी भी करीब 100 अंक बढ़कर 24,100 के पार निकल गया।
यह उछाल शुक्रवार की गिरावट के बाद आई है, जिससे पिछले एक सप्ताह की लगातार बढ़त रुक गई थी। हालांकि, बाजार में हल्की अस्थिरता (इंडिया VIX 2 फीसदी से ज्यादा ऊपर) दिखी, लेकिन निवेशकों का माहौल कुल मिलाकर सकारात्मक रहा।
HCL टेक, इंफोसिस और टेक महिंद्रा को मिली बढ़त
HCL टेक, इंफोसिस और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज IT शेयर बाजार को ऊपर ले जाने में आगे रहे। पिछले सप्ताह एक्सेंचर के नजरिए में बदलाव की वजह से आई गिरावट के बाद इन तीनों कंपनियों के शेयर करीब 1 फीसदी बढ़े।छोटे और मध्यम दर्जे की कंपनियों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली।
निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स दोनों में 0.4 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर करीब 1,916 शेयर बढ़े, जबकि 583 शेयर गिरे और 143 अपनी जगह पर टिके रहे। इससे साफ है कि निवेशक पूरे बाजार में मजबूत कमाई की उम्मीद को लेकर काफी आशावादी दिख रहे हैं।