डॉलर के मुकाबले 25 पैसे मजबूत होकर खुला भारतीय रुपया
सोमवार (3 अगस्त) को भारतीय रुपया मजबूती के साथ खुला। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले यह 95.14 पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 25 पैसे ज्यादा मजबूत था। रुपये में यह बढ़त ब्रेंट क्रूड की कीमतों में आई गिरावट से मिली। ब्रेंट क्रूड 84 डॉलर (करीब 8,000 रुपये) प्रति बैरल पर आ गया, वहीं डॉलर इंडेक्स भी 99.72 पर फिसल गया, जिससे रुपये को सहारा मिला।
फाइनरैक्स के अनुमान के मुताबिक, रुपया 95.18 पर खुलने का अनुमान था और इसके 95.00 से 95.50 के दायरे में रहने की संभावना है।
इस समय निर्यातक मुनाफा कमाकर डॉलर बेच रहे हैं, जबकि आयातक गिरावट का फायदा उठाते हुए खरीदारी कर रहे हैं।
एशियाई मुद्राओं में भी बढ़त दर्ज
रुपया ही नहीं, आज कई और एशियाई मुद्राओं ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। जापानी येन सबसे ज्यादा 0.723 फीसदी उछला, जिसके बाद दक्षिण कोरियाई वॉन और इंडोनेशियाई रुपिया में भी तेजी देखने को मिली।
फिलीपीन पेसो, थाई बाट और सिंगापुर डॉलर ने भी अच्छी बढ़त हासिल की। दरअसल, जापान और अमेरिका के हालिया फैसलों के बाद वैश्विक मुद्रा बाजारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसका असर दिखा है।