डॉलर के मुकाबले रुपया 95.88 पर कमजोर खुला, जानिए क्या है वजह
सोमवार (28 सितंबर) को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 7 पैसे कमजोर होकर 95.88 पर खुला, जबकि शुक्रवार (25 सितंबर) को यह 95.81 पर बंद हुआ था।
अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत रुकने से तेल की कीमतें बढ़ गईं, जिसका असर रुपये पर पड़ा। उम्मीद है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दखल से रुपये की गिरावट को कुछ हद तक रोका जा सकेगा, वहीं करेंसी ट्रेडर्स 96 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।
ट्रंप के फैसले से कच्चे तेल और यील्ड में उछाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के एक प्रस्ताव को ठुकरा दिया है, जिसके बाद कच्चे तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। इस फैसले के बाद अमेरिका के 10 साल और 30 साल के ट्रेजरी यील्ड भी करीब 2 दशकों में अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं। इन 2 वजहों से रुपये पर दबाव और बढ़ गया है।
आयातक भी आगे किसी भी बड़े उतार-चढ़ाव से बचने के लिए अभी से तैयारी कर रहे हैं क्योंकि सभी को अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका है।