आयकर विभाग AI की मदद से पकड़ेगा ITR की गई गलतियां
आयकर विभाग अब आपके इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) में होने वाली गलतियों को पकड़ने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डाटा एनालिटिक्स का इस्तेमाल कर रहा है।
विभाग आपकी दी गई जानकारी की तुलना बैंकों, नौकरी देने वाली कंपनियों और दूसरे स्रोतों से मिली जानकारी के साथ करेगा।
ऐसे में आपकी छोटी-सी भी गलती आपके रिफंड को अटकवा सकती है या विभाग का नोटिस दिला सकती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अब हर जानकारी को दोबारा जांच लेना पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गया है।
रिटर्न में शामिल करें कटौती के सबूत
सबसे आम गलतियों में से एक है बिना सही सबूत के ही कटौती का दावा कर देना। इसमें HRA के लिए किरायानामा या दान की रसीद पेश न कर पाना जैसी बातें शामिल हैं।
इसके अलावा, बचत खाते के ब्याज या डिविडेंड जैसी छोटी आय को अपनी टैक्स रिपोर्ट में न दिखाना भी एक बड़ी गलती है।
अगर, आपने हाल ही में नौकरी बदली है तो खुद ही सभी पुरानी कंपनियों के वेतन से जुड़े सभी ब्यौरे को एक साथ जोड़ लें।
रिटर्न दाखिल करने से पहले फॉर्म 16, AIS और फॉर्म 26AS का मिलान जरूर कर लें, ताकि आपके आंकड़े बिल्कुल सही हों। ऐसा करने से आप नई फाइलिंग सीजन में होने वाली कई परेशानियों से बच सकते हैं।