हिस्सेदारी बेचने के ऐलान से LIC के शेयरों को लगा झटका
बिज़नेस
भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के शेयरों में मंगलवार (4 अगस्त) सुबह भारी गिरावट दर्ज हुई। सरकार ने अपनी कुछ हिस्सेदारी रियायती दर पर बेचने का ऐलान किया, जिसके बाद शेयर 5.68 फीसदी गिरकर 400.25 रुपये पर आ गए।
इस बिकवाली से निवेशक घबरा गए। एक समय पर तो शेयर की कीमत 8.87 फीसदी तक लुढ़क गई थी। निवेशकों को डर था कि बाजार में LIC के और भी शेयर आने वाले हैं।
382 रुपये की फ्लोर प्राइस तय की
सरकार ने प्रति शेयर 382 रुपये की फ्लोर प्राइस तय की है, जो बंद भाव से 10.9 फीसदी कम है। मई, 2022 के बाद LIC में सरकार पहली बार अपनी हिस्सेदारी बेच रही है।
सरकार की योजना है कि सार्वजनिक शेयरधारिता को 3.5 फीसदी से बढ़ाकर करीब 10 फीसदी तक किया जाए, ताकि मई, 2027 तक नियामक नियमों का पालन हो सके। अगर, इस बिक्री को अच्छी मांग मिलती है तो सरकार इससे 31,400 करोड़ रुपये तक जुटा सकती है।