EPF की राशि पर 8.25 फीसदी ब्याज दर तय, इस महीने खाते में आएगा पैसा
कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाता धारकों के लिए सरकार ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 8.25 फीसदी ब्याज दर तय कर दी है।
इसका मतलब है कि 7 करोड़ से ज्यादा कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) सब्सक्राइबर्स को स्थिर रिटर्न मिलेगा।
साथ ही, इस महीने के आखिर तक उनके खातों में ब्याज जमा भी हो जाएगा। यह दर इसी साल मार्च में सुझाई गई थी और पिछले 3 सालों से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है, जिससे लोगों का स्थिरता पर भरोसा बना रहेगा।
EPF ब्याज साल में एक बार होता है जमा
EPF जमा सरकारी गारंटी के तहत आती है, इसलिए इस दर पर वित्त मंत्रालय की मुहर लगना जरूरी था। मौजूदा दर पिछले साल के बराबर ही बनी हुई है।
हालांकि, यह पिछले कुछ सालों के मुकाबले थोड़ी बढ़ी है। वित्त वर्ष 2022 में यह 8.10 फीसदी थी, जो दशकों में सबसे कम रही थी।
EPF ब्याज की गणना हर महीने की जाती है, लेकिन इसे साल में एक बार ही खातों में जमा किया जाता है।