अब सिर्फ निर्धारित साइज की पैकिंग में ही मिलेगा खाने का तेज
खाने का तेल खरीदना जल्द ही काफी आसान हो जाएगा। सरकार ने पाम, सोयाबीन, सरसों और सूरजमुखी जैसे तेलों के लिए एक बार फिर मानक पैक साइज तय कर दिए हैं।
इन नियमों के तहत अब तेल 200ml, 500ml, 1-लीटर और 20-लीटर तक के निश्चित साइज में ही उपलब्ध होगा। अभी बाजार में मौजूद 650 ग्राम या 870 ग्राम जैसे गैर-मानक साइज वाले पैक को अगले 3 महीनों के भीतर बंद कर दिया जाएगा।
हालांकि, 200 ग्राम या 200ml से छोटे पैकेटों पर यह नियम लागू नहीं होगा। सरकार का लक्ष्य है कि इससे ग्राहकों के लिए कीमतों की तुलना करना आसान हो और उन्हें पता चले कि वे क्या खरीद रहे हैं।
उत्पादकों ने मानकों का किया समर्थन
इंडियन वेजिटेबल ऑयल प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन जैसे उद्योग संगठनों ने सरकार के इस कदम का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे बाजार में फैली भ्रम की स्थिति खत्म होगी और ग्राहकों के लिए खरीददारी करना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।
उपभोक्ता अधिकार संगठनों ने भी इस फैसले को सराहा है। उनका मानना है कि मानक साइज होने से अब ग्राहकों को कीमतों की तुलना करने के लिए ज्यादा दिमागी कसरत नहीं करनी पड़ेगी।
हालांकि, खास किस्म के तेल फिलहाल इन नए नियमों के दायरे से बाहर हैं। फिर भी, उन पर भी साफ-साफ कीमत का लेबल लगाना जरूरी होगा।