ऑरोबिंदो फार्मा को लैनेट का अधिग्रहण करने की FTC से मिली मंजूरी
ऑरोबिंदो फार्मा USA को अमेरिकी फेडरल ट्रेड कमीशन (FTC) से लैनेट कंपनी को 25 करोड़ डॉलर (करीब 2,300 करोड़ रुपये) में खरीदने की हरी झंडी मिल गई है।
यह सौदा जल्द ही पूरा होने की संभावना है। हालांकि, इस डील में एक शर्त है कि ऑरोबिंदो को अपनी 4 जेनेरिक दवाएं क्वेगन फार्मास्यूटिकल्स को बेचनी होंगी।
कंपनी पर इस कारण लगाई शर्त
FTC ने यह शर्त इसलिए लगाई है, ताकि दवाओं की कीमतें वाजिब बनी रहें और बाजार में प्रतिस्पर्धा खत्म न हो। ऑरोबिंदो फार्मा USA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) स्वामी एस अय्यर ने बताया कि इस सौदे से कंपनी का राजस्व बढ़ेगा।
इसके साथ ही, अमेरिका में उनकी मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और मजबूत होगी और जटिल गैर-ओपियोइड दवाओं का उनका पोर्टफोलियो भी बढ़ेगा।
लैनेट के CEO टिम क्रू ने कहा कि इंडियाना स्थित उनकी यह फैक्टरी हर साल करीब 4 अरब डोज दवाएं बनाने की क्षमता रखती है। इससे मरीजों के लिए दवाएं ज्यादा सस्ती और आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।