8वें वेतन आयोग की बेंगलुरु में होगी अगली बैठक, चंड़ीगढ़ में मंथन पूरा
8वें वेतन आयोग ने चंडीगढ़ में अपनी चर्चा पूरी कर ली है। यहां कर्मचारियों के संघों और पेंशनभोगियों के समूहों के साथ विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान वेतन पुनर्गठन और फिटमेंट फैक्टर जैसे मुद्दे मुख्य चर्चा के विषय रहे। बेंगलुरु में होने वाली बैठकों में हिस्सा लेने के लिए योग्य संगठनों और हितधारकों को 18 सितंबर तक अपने जरूरी दस्तावेज जमा करने थे। आयोग की अगली बड़ी बैठक 7 और 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में तय की गई है।
कर्मचारी समूहों ने दिए ये सुझाव
पेंशनभोगी समूहों की मांग है कि महंगाई राहत (DR) भुगतानों को महंगाई के हिसाब से और जल्दी-जल्दी अपडेट किया जाए। एक समूह चाहता है कि हर 3 महीने के औसत के आधार पर इसमें तिमाही बदलाव हों। एक दूसरे समूह ने सुझाव दिया है कि जब महंगाई भत्ता (DA / महंगाई राहत 25 फीसदी से ऊपर हो जाए तो इसे मूल वेतन में मिला दिया जाए।
ये सभी प्रस्ताव अभी विचाराधीन हैं। हालांकि, अभी कुछ भी अंतिम नहीं हुआ है। आयोग की पूरी रिपोर्ट 2027 के मध्य तक आने की उम्मीद है, जिससे सरकारी वेतन और पेंशन के तरीकों में बड़े बदलाव आ सकते हैं।