नैक पैकेजिंग के शेयर आज हो सकते हैं आवंटित, ऐसे जांचें अपनी स्थिति
नैक पैकेजिंग के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) का सोमवार (6 जुलाई) को आवंटन होने की उम्मीद है। अगर, आपने इसके लिए आवेदन किया था तो अपने आवंटन की स्थिति आप ऑनलाइन जांच सकते हैं। इसके लिए आपको अपना पैन कार्ड, आवेदन नंबर या DP/क्लाइंट ID की जानकारी देनी होगी।
आप अपनी स्थिति रजिस्ट्रार की वेबसाइट या नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के पेज पर देख सकते हैं। यह 439.5 करोड़ रुपये का निर्गम 1 से 3 जुलाई तक खुला था और इसे निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। कुल शेयरों के मुकाबले इसे 83.33 गुना ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला था।
बड़े निवेशकों ने भी खेला बड़ा दांव
नैक पैकेजिंग में बड़े निवेशकों ने खासी दिलचस्पी दिखाई है। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) ने अपने लिए तय कोटे से 154.34 गुना ज्यादा की बोली लगाई, वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स (NIIs) ने भी 139.81 गुना ज्यादा शेयरों की मांग की।
आम खुदरा निवेशकों ने भी पीछे नहीं रहते हुए 20.07 गुना की मांग के साथ इसमें हिस्सा लिया। यह भारी उत्साह साफ बताता है कि निवेशकों को नैक पैकेजिंग के भविष्य पर पूरा भरोसा है। खासकर तब, जब यह कंपनी 8 जुलाई को शेयर बाजार में अपनी शुरुआत करने जा रही है।
यह कंपनी दुनियाभर में इस्तेमाल होने वाले पॉलीप्रोपाइलीन वोवन बैग्स बनाती है और KRBL और कारगिल जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ पहले से ही काम कर रही है।