तेजा इंजीनियरिंग के शेयरों ने 90 फीसदी बढ़त के साथ की शुरुआत
तेजा इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज ने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के लघु एवं मध्यम उद्योग (SME) प्लेटफॉर्म पर शानदार शुरुआत की।
कंपनी का शेयर अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) मूल्य 220 रुपये के मुकाबले 418 रुपये पर खुला, जो 90 फीसदी की बड़ी बढ़त दिखाता है।
शेयर खुलते ही 438.90 रुपये के ऊपरी सर्किट पर पहुंच गया और काफी समय तक उसी स्तर पर बना रहा। यह प्रदर्शन शुरुआती अनुमानों से कहीं बेहतर था, जबकि पहले केवल मामूली बढ़त की उम्मीद की जा रही थी। बता दें कि कंपनी की शुरुआत 2023 में ही हुई थी।
IPO के जरिए 37.36 करोड़ रुपये जुटाए
तेजा इंजीनियरिंग ने अपने IPO के जरिए 37.36 करोड़ रुपये जुटाए। इस निर्गम को निवेशकों से अच्छी मांग मिली थी। निवेशकों को इस सप्ताह शेयर आवंटित किए गए और उनके डीमैट खातों में क्रेडिट भी कर दिए गए। यह कंपनी तेल, गैस और एनर्जी सेक्टर के लिए मेंटेनेंस और प्रोजेक्ट सर्विसेज का काम करती है।
वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 55.22 करोड़ रुपये का राजस्व और 4.02 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है। इन नए फंड्स से कंपनी नए उपकरण खरीदेगी, अपनी कार्यशील पूंजी बढ़ाएगी और भविष्य की विस्तार योजनाओं को समर्थन देगी।