TCS नई भर्तियों में AI और डिजिटल कौशल को देगी प्राथमिकता
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) अपनी तकनीकी क्षमताओं को तेजी से बढ़ा रही है। कंपनी ने योजना बनाई है कि उसकी नई भर्तियों में से 80 फीसदी कर्मचारी डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में कुशल होंगे।
पिछली तिमाही में ही TCS ने 4,500 लोगों को नियुक्त किया। इनमें से करीब एक-चौथाई कर्मचारी तो पूरी तरह AI से जुड़े कामों पर केंद्रित थे।
इसके पीछे का मकसद है कि कंपनी अपने बढ़ते AI प्रोजेक्ट्स को और आगे बढ़ा सके और नई प्रतिभाओं का बेहतर इस्तेमाल कर सके।
AI से मिलता है 10 फीसदी राजस्व
अब TCS के कुल राजस्व में AI की हिस्सेदारी करीब 10 फीसदी हो गई है। कंपनी का कहना है कि AI से जुड़े ज्यादा अनुबंध मिलने से उनका मुनाफा बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के कृतिवासन का कहना है कि जो मध्यम स्तर के इंजीनियर्स AI कौशल सीखेंगे, उन्हें करियर में एक बढ़त मिलेगी।
कंपनी खास प्रतिभा और नई साझेदारियों में लगातार निवेश कर रही है। यह सब TCS की रणनीति का हिस्सा है, जिससे वह उभरती टेक्नोलॉजी पर बड़ा दांव लगाकर इस क्षेत्र में हमेशा आगे बनी रहे।