अमेरिका में KFC की एक बड़ी फ्रैंचाइजी टेस्टी चिकन LLC ने दिवालियापन के लिए अर्जी दी है। कंपनी को बढ़ते खर्च और गिरती बिक्री की वजह से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।
यह कंपनी अमेरिका के 10 राज्यों में 75 KFC आउटलेट और 9 टैको बेल कॉम्बो स्टोर चलाती है, जिनमें फ्लोरिडा और टेनेसी जैसे राज्य शामिल हैं। अब हालात सुधारने के लिए इसे और भी स्टोर बंद करने पड़ सकते हैं।
कंपनी पर 1.6 करोड़ डॉलर बकाया
जानकारी के मुताबिक, टेस्टी चिकन पर यम ब्रांड्स (KFC की मूल कंपनी) के रॉयल्टी के तौर पर 1.6 करोड़ डॉलर (करीब 150 करोड़ रुपये) बकाया हैं, जिनका भुगतान नहीं किया गया है।
दिवालियापन के इस कदम से कंपनी खुद को फिर से खड़ा कर पाएगी, कुछ लीज से छुटकारा पा सकेगी और अपना कामकाज जारी रख पाएगी।
इन अचानक बंद हुए स्टोर्स ने कुछ इलाकों में KFC की मौजूदगी पर असर डाला है। हालांकि, कंपनी का कहना है कि वह अपने 1,600 से ज्यादा कर्मचारियों को तब तक वेतन देने की इजाजत मांग रही है, जब तक कि सारी चीजें ठीक नहीं हो जातीं।