स्विगी ने हीरो के साथ की साझेदारी, डिलीवरी पार्टनर्स को दोपहिया वाहन खरीदने में मिलेगी मदद
क्या है खबर?
फूड डिलीवरी और क्विक-कॉमर्स कंपनी स्विगी ने हीराे मोटोकॉर्प के साथ साझेदारी की है। इसका मकसद डिलीवरी पार्टनर्स के लिए दोपहिया वाहन खरीदना आसान बनाना है। उन्हें सड़क सुरक्षा की ट्रेनिंग भी मिलेगी। इस सहयाेग के तहत, फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के फूड मार्केटप्लेस और इंस्टामार्ट के साथ काम करने वाले डिलीवरी पार्टनर्स स्विगी ऐप के जरिए हीरो का कोई मॉडल चुन सकेंगे और कंपनी के डीलरशिप पर उन्हें खास कीमत मिलेगी।
छूट
दोपहिया वाहन खरीदने पर मिलेगी छूट
उन्हें दोपहिया वाहन की कीमत का 90 फीसदी तक कवर करने वाले कस्टमाइज्ड फाइनेंसिंग विकल्प भी मिलेंगे। साथ ही ऐसी ब्याज दरें भी मिलेंगी, जिन्हें कंपनियों ने किफायती बताया है।
कंपनियों ने ऑफर की जा रही छूट या ब्याज दरों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
यह साझेदारी हीरो मोटोकॉर्प की 'राइड सेफ इंडिया' कॉर्पोरेट की सामाजिक जिम्मेदारी पहल के तहत पूरे भारत में स्विगी के डिलीवरी पार्टनर्स को सड़क सुरक्षा ट्रेनिंग भी देगी।
सुरक्षा
डिलीवरी पार्टनर्स को मिलेगा प्रशिक्षण
इस प्रोग्राम में डिजिटल लेसन के साथ-साथ प्रशिक्षक की देख-रेख में व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिसमें खतरों का अंदाजा लगाना, सुरक्षित राइडिंग के तरीके, ट्रैफिक नियम और आपातकाल में की जाने वाली कार्रवाई शामिल होगी।
गुरूग्राम में कंपनी के ट्रैफिक ट्रेनिंग पार्क में डिलीवरी पार्टनर्स के लिए एक ट्रेनिंग सेशन आयोजित करके इस साझेदारी की शुरुआत हुई।
इसमें भाग लेने वालों को एक किट दी गई, जिसमें फुल-फेस हेलमेट, मेडिकल किट, रिफ्लेक्टिव सेफ्टी वेस्ट और ट्रेनिंग सर्टिफिकेट शामिल थे।